हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर के लिए
अस्कोट में साढ़े पांच किलो चरस के साथ तीन पकड़े
अमर उजाला ब्यूरो
अस्कोट/पिथौरागढ़ । अस्कोट पुलिस ने तीन आरोपितों से पांच किलो 906 ग्राम चरस बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु ने बताया कि अस्कोट पुलिस और एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स ने रविवार सुबह 5.20 बजे एक सैंट्रो कार (यूके 04के-8842) को ओगला बैरियर पर रोका था। अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों आरोपी कार को मौके पर ही छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। एसआई प्रकाश पांडेय ने इसकी सूचना एसओ अस्कोट को दी। अस्कोट के थानाध्यक्ष आसिफ खान ने हेल्पिया के जंगल में पहुंच एसआई प्रकाश पांडेय के साथ छानबीन की। पुलिस की तीन टीमों ने तस्करों को जंगल में घेर कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बिठौरिया नंबर एक हल्द्वानी निवासी पवन कश्यप, बिठौरिया नंबर एक हल्द्वानी निवासी पूरन अधिकारी, जोहार नगर नगला पंतगनगर निवासी कुलवीर सिंह कोरंगा बताया। उन्होंने बताया कि कार में चरस है। एसओ ने मामले में उप जिलाधिकारी डीडीहाट वैभव गुप्ता को जानकारी दी। एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। चरस पकड़ने वाले दल में थानाध्यक्ष, उप निरीक्षक पांडेय के साथ ही उप निरीक्षक संजय सिंह, कांस्टेबल राजेंद्र गोस्वामी, प्रह्लाद सिंह, मनोज यादव, मुकेश नाथ, नीरज सिंह, संजीत राणा, शैलेंद्र राणा, अभिनंदन गौड़ शामिल थे।
फोटो 03 पीटीएच 04 पी
मुनस्यारी से हल्द्वानी तक चल रहा है रैकेट
पिथौरागढ़। पुलिस मुनस्यारी से लेकर हल्द्वानी तक के तस्करों की कुंडली खंगालने में जुुट गई है। मामले में लिप्त सभी लोगों के फोन ट्रेस किए जा रहे हैं। एसओ अस्कोट आसिफ खान ने बताया कि उक्त चरस मुनस्यारी से वाया मदकोट होते हुए लाई जा रही थी। इन तस्करों को मुनस्यारी से हल्द्वानी तक चरस तस्करी का रैकेट है। उन्होंने बताया कि तस्करों से मिले कॉल डिटेल खंगाले जा रहे ह्रैं।