पिथौरागढ़। कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी को पकड़ा है। बाइक नौ अगस्त को चोरी हो गई थी।
विजेंद्र सिंह धामी पुत्र गोपाल सिंह निवासी सिल्थाम (धारचूला रोड पिथौरागढ़) ने 24 अगस्त को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि नौ अगस्त की रात उसने पल्सर 220 सीसी बाइक (यूके 04 के-7369) जो कि हिमांशु बिष्ट पुत्र स्वर्गीय कुंवर सिंह के नाम से पंजीकृत है, को धारचूला रोड स्थित आवास के सामने सड़क किनारे खड़ा किया था। रात में बाइक चोरी हो गई। सीओ शेखर चंद्र सुयाल ने कोतवाली निरीक्षक ध्यान सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर वाहन बरामद करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी गई बाइक से एक व्यक्ति अलगड़ा-बुंगाछीना रोड से टनकपुर की ओर भागने की फिराक में है। इस पर पंडा संग्रहालय के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वाहन का नंबर हल्का खुरचा था। चेसिस नंबर और इंजन नंबर से वाहन का मिलान किया गया। पकड़े गए युवक रोहित चंद्र भट्ट (19) निवासी ग्राम/पोस्ट-अलगड़ा तहसील-देवलथल, थाना थल ने बताया कि बाइक अलगड़ा में छुपाई थी।
पकड़े जाने की डर से वह बाइक लेकर टनकपुर की ओर जा रहा था। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 379, 411 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़ने वाले दल में उप निरीक्षक अनिल कुमार, कांस्टेबल तारा चंद, कांस्टेबल अशोक जोशी शामिल थे।