पिथौरागढ़। गूगल में पेटीएम का कस्टमर केयर नंबर सर्च करने पर डेढ़ लाख रुपये गायब हो गए। पुलिस ने ठगी के आरोपी को दिल्ली जाकर नोटिस दिया।
एक व्यक्ति ने कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर दी कि सीएम स्वरोजगार योजना से लोन लेकर एक दुकान खोली थी।इसमें एक पेटीएम लगाई गई थी। पेटीएम लगाने के बाद ग्राहक इससे भुगतान कर रहे थे। भुगतान की कोई भी डिटेल मैसेज नहीं मिल रहे थे। उन्होंने गूगल से पेटीएम कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। कस्टमर केयर नंबर पर उसकी जिस व्यक्ति से बात हुई उसने जिस तरह से फोन में सेटिंग करने को कहा वह कर दिया।
इसके बाद उनके खाते से अचानक 1,46,862 रुपये गायब हो गए। तहरीर के बाद धारा- 420 में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस और एसओजी टीम ने ठगी करने वाले बबलू कुमार निवासी लक्ष्मीनिया नंदलाली, बिहार को साइबर सेल की मदद से दिल्ली से ढूंढ निकालकर उसे नोटिस देकर न्यायालय में उपस्थित होने की हिदायत दी। पुलिस टीम में वरिष्ठ एसआई मदन सिंह बिष्ट, साइबर सेल प्रभारी मनोज पांडेय, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल सोनू कार्की मौजूद रहे।