पिथौरागढ़/झूलाघाट। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बावजूद भारत में अभी जांच शुरू नहीं हुई है जबकि नेपाल क्षेत्र में भारत से जाने वाले लोगों की नियमित कोविड जांच की जा रही है। नेपाल ने भारतीय सीमा से लगे झूलापुलों और चौकियों के पास हेल्थ डेस्क बनाकर कोविड जांच शुरू कर दी है। सीमा पर अब तक तीन कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
भारतीय सीमा से बिना मास्क के आने और जाने वाले लोगों को स्वास्थ्य कर्मी और नेपाल सशस्त्र बल के जवान मास्क देकर उन्हें जागरूक कर रहे हैं। नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश में नववर्ष और बैसाखी के लिए नेपाल आने वाले प्रवासियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए नेपाल का स्वास्थ्य विभाग सतर्क है।
बैतड़ी स्वास्थ्य विभाग के सूचना अधिकारी विपिन लेखक का कहना कि भारत में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बैसाखी मनाने के लिए भारत में रोजगार के लिए गए नेपाली नागरिक स्वदेश लौट रहे हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भारत से आने वाले सभी नागरिकों के लिए कोरोना जांच अनिवार्य कर दिया गया है। बैतड़ी के सीएमओ योगेश भट्ट ने बताया कि संक्रमित नेपाली नागरिकों को होम आइसोलेशन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग पिथौरागढ़ के सीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर कोरोना जांच के लिए शासन से कोई पत्र जारी नहीं हुआ है। शासन से निर्देश मिले तो जांच शुरू की जाएगी।
नहीं बिक रहे मास्क और सैनिटाइजर
पिथौरागढ़। कई राज्यों में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद भी पिथौरागढ़ जिले में लोग मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग कम रहे हैं। केमिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश सचिव जनक जोशी ने बताया कि पहले के मुकाबले मास्क और सैनिटाइजर की मांग कम है। संवाद