पिथौरागढ़। बाहरी जिलों से आने वाले लोगों की जांच सेराघाट और एंचोली में स्वास्थ्य विभाग की टीम करेगी। दोनों जगहों पर स्वास्थ्य विभाग के साथ ही प्रशासन और पुलिस कर्मी भी तैनात रहेंगे। कोरोना संक्रमित कोई भी व्यक्ति जिले में प्रवेश नहीं कर पाए, इसी के मद्देनजर यह व्यवस्था की जा रही है। क्वारंटीन अवधि का समय पूरा होने के बाद बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों की संख्या बढ़ सकती है। साथ ही परमिट से भी काफी लोग आ रहे हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले लोगों की जांच बेहद जरूरी है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी राजेश ढकरियाल ने बताया कि दोनों जगहों पर तैनात की गई टीम लोगों की जांच के साथ ही उनका मोबाइल नंबर और पूरा ब्योरा रखेगी। ब्लाक और सिटी रिस्पांस टीम के माध्यम से लोगों को क्वारंटीन किया जाएगा। टीम लगातार उनके संपर्क में रहेगी। यदि किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होती है तो तुरंत उसका उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने का अनुरोध किया है।