पिथौरागढ़। लाकडाउन के चलते रामपुर में बेरोजगार हुए सीमांत के 17 युवाओं के पास खाने के सामान के साथ ही रुपये भी खत्म हो गए। परेशान युवाओं ने दिल्ली में बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड कंपनी में काम करने वाले वड्डा रियांसी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता अमन खड़ायत से मदद की गुहार लगाई। अमन ने सोशल मीडिया पर युवाओं से मदद के लिए आगे आने का अपील की। इस पर मुंबई कौथिग के मनोज भट्ट और थल के विवेक धर्मशक्तू ने मदद की। भट्ट ने पेटीएम के जरिए 20 दिन का राशन दिलाया। विवेक ने दो हजार रुपए भिजवाए। रामपुर में फैक्ट्री बंद होने से फंसे अस्कोट क्षेत्र के युवा महेश महर ने बताया कि मदद से उनके पास कुछ दिनों का राशन उपलब्ध हो गया है। उन्होंने मुसीबत में मदद करने पर मददगारों का आभार जताया है। (संवाद)