पिथौरागढ़ रामलीला मैदान में कोरोना जांच करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल से हल्द्वानी रेफर किया गया था। हल्द्वानी ले जाते समय अल्मोड़ा के समीप पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 37 पहुंच गया है।
सीएमओ डॉ. एचसी पंत बताया कि शनिवार को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल से दो बुजुर्ग मरीजों को गंभीर स्थिति में हल्द्वानी रेफर किया गया था। दोनों को एक ही वाहन में हल्द्वानी ले जाया जा रहा था। इनमें से एक 51 वर्षीय बुजुर्ग ने अल्मोड़ा के समीप पहुंचते ही दम तोड़ दिया, जिसके शव को पिथौरागढ़ लाया जा रहा है। सीएमओ डॉ पंत ने बताया कि कोरोना संक्रमित बुजुर्ग को उसके परिजन गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाए थे। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी रेफर किया। दूसरे कोरोना संक्रमित बुजुर्ग को हल्द्वानी भेजा गया है। पिथौरागढ़ में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 37 पहुंच गया है। वहीं शनिवार को कोरोना जांच में 15 संक्रमित मिले हैं, जिन्हें आइसोलेट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना बेस अस्पताल में एक्टिव केसों की संख्या 326 हो गई है।
लोगों की हुई कोरोना जांच
पिथौरागढ़। पालिका और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से रामलीला मैदान नगरपालिका में कोरोना जांच शिविर लगाया गया है। यहां लोगों की कोरोना जांच दस दिन तक की जाएगी। पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों के अंदर के भय को निकालना है। कई लोग कोरोना जांच के लि अस्पताल नहीं जा रहे हैं। इससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। कई लोगों को गंभीर हालात में जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि लोगों को बीमारी को छिपाना नहीं है। उससे लड़ना है। पालिकाध्यक्ष रावत ने लोगों से जांच कराने की अपील की है। (संवाद)