पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में कोरोना संक्रमित तीन लोगों की मौत हो गई है। एक ही दिन में तीन लोगों की मौत के बाद कोरोना संक्रमण से मौतों का आंकड़ा 46 पहुंच गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पिथौरागढ़ में तीन दिन के लिए सिल्थाम, गांधी चौक, नया बाजार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया है।
सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हल्द्वानी में हुई, जबकि जाजरदेवल क्षेत्र में 92 वर्षीय महिला और एक बुजुर्ग की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में मृत कोरोना संक्रमित की उम्र करीब 40 वर्ष थी। उन्हें तीन दिन पूर्व रेफर किया गया था। परिजनों के अनुरोध पर जाजरदेवल की महिला की मौत के बाद कोरोना जांच की गई, जिसमें वह पॉजिटिव आई। पूर्व में मृत महिला का बेटा भी कोरोना पॉजिटिव निकला था। अस्पताल में मृत बुजुर्ग को गंभीर स्थिति में लाया गया था। कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया था। वहीं बृहस्पतिवार को चार पॉजिटिव मामले आए। इसके बाद बेस अस्पताल में एक्टिव केसों की संख्या 236 हो गई है।
सिल्थाम, गांधीचौक, नया बाजार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया
पिथौरागढ़। प्रशासन ने कोरोना की रोकथाम के लिए सिल्थाम, गांधी चौक, नया बाजार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया है। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि जिला स्तरीय अधिकारियों से वार्ता के बाद संक्रमण की रोकथाम के लिए डीएम के निर्देशानुसार एक से तीन जनवरी तक नगरीय क्षेत्र पिथौरागढ़ के सिल्थाम से गांधी चौक बाजार एवं पूर्ण नया बाजार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक आकस्मिक सेवाओं को छोड़कर क्षेत्र पूर्ण रूप से सील रहेगा। आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रहेगी। क्षेत्र में रहने वाले सभी लोग होम क्वारंटीन का पालन करेंगे। क्षेत्र में निवासरत समस्त व्यक्तियों के कोरोना सैंपल प्रशासन की निगरानी में जांच को लिए जाएंगे। क्षेत्र में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले लगातार आ रहे हैं। इसके बाद यह निर्णय लिया गया है।
मुख्य बाजार आज से माइक्रो कंटेनमेंट जोन बना
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। तहसील प्रशासन ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मुख्य बाजार को एक से सात जनवरी तक माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया है। एसडीएम भगत सिंह फोनिया ने बताया कि क्षेत्र में लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। इसके बाद कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए एक से सात जनवरी तक मेन बाजार को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है। इस अवधि में अतिआवश्यकीय सेवाएं, सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों को छोड़कर सभी प्रकार की दुकानें, होटल, प्रतिष्ठान सात जनवरी तक बंद रहेंगे। व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश धानिक ने कहा कि अधिकांश व्यापारियों को इसकी जानकारी नहीं है। व्यापारियों को तीन दिन का समय दिया जाए।
आज लोगों के लिए खुलेगा एसडीएम, तहसील कार्यालय
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। गंगोलीहाट विकासखंड में एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय एक जनवरी को लोगों के लिए खोला जाएगा। मंगलवार को तहसील कार्यालय में कार्यरत दो राजस्व उपनिरीक्षकों के कोरोना पॉजिटिव आने पर दोनों कार्यालयों को बंद रखा गया था। बृहस्पतिवार को भी कार्यालय बंद रहा।
गणाईगंगोली में आज खुलेगा बाजार
गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। गणाई गंगोली में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी लॉकडाउन के बाद एक जनवरी को बाजार खुलेगा। बृहस्पतिवार को अतिआवश्कीय सेवाएं, सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों को छोड़कर सभी प्रकार की दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान, होटल बंद रहे। बंद के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल कोरोना जांच के लिए लोगों के नमूने लिए। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और व्यापार संघ के अनुरोध के बाद एसडीएम भगत सिंह फोनिया ने 31 दिसंबर तक बंद के आदेश जारी किए थे।
आज खुलेगा लोनिवि कार्यालय
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। लोनिवि में एक महिला कर्मी के कोरोना संक्रमित होने पर लोनिवि कार्यालय को 31 दिसंबर तक बंद रखा गया था। एक जनवरी को कार्यालय में सुचारु रूप से कार्य होगा। बुधवार को एक कर्मी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद लोनिवि कार्यालय को 30 से 31 दिसंबर तक बंद कर दिया गया था। बृहस्पतिवार को नगर पंचायत ने लोनिवि कार्यालय को सैनिटाइज किया।