पिथौरागढ़। विकास भवन सभागार में डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना के कार्यों की समीक्षा की। इसमें विकासखंड बिण, मूनाकोट एवं कनालीछीना में चल रही परियोजना की जानकारी देते हुए प्रभागीय परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह बिष्ट ने बताया कि परियोजना के तहत गठित 16 सहकारिताओं ने कुल 9 करोड़ 36 लाख का व्यवसाय किया है। इसके सापेक्ष सहकारिताओं को 84 लाख 23 हजार का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। सहकारिताओं में 10 हजार से अधिक सदस्य जुडे़ हुए हैं।
बृहस्पतिवार को समीक्षा के दौरान परियोजना के परियोजना प्रबंधक ने कहा कि बालाकोट गांव में गुलाब की खेती आधारित ग्रोथ सेंटर का निर्माण पूरा कर लिया गया है, मशीने भी खरीद ली गई हैं। भटेड़ी गांव में पोल्ट्री, गौड़ीहाट में मसाला और कनालीछीना में फल प्रसंस्करण ग्रोथ सेंटर की स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। डीएम ने परियोजना के तहत हो रहे कार्यों की सराहना की। इस मौके पर सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, डीएओ आरएस वर्मा सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।