आउटसोर्सिंग से नियुक्त रोडवेज के चालकों और परिचालकों ने रोडवेज स्टेशन के सामने प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि परिवहन निगम प्रबंधन उनका शोषण कर रहा है। जिले में संविदा से तैनात परिचालकों की संख्या 104 और चालकों की संख्या 78 है।
संविदा चालक परिचालक संगठन के अध्यक्ष कोमल सिंह और महामंत्री पवन पांडे ने बताया कि वर्ष 2005 से परिवहन निगम उनकी सेवाएं ले रहा है। किसी भी चालक और परिचालक को नियमित ड्यूटी नहीं दी जा रही है। कम मानदेय मिलने से परिवार का गुजर बसर नहीं हो पाता। कहा कि संविदा से तैनात कर्मचारियों को नियमित काम दिया जाए। यदि किसी बस को खराबी के कारण रास्ते में रुकना पड़े तो उस स्थिति में चालक और परिचालक का मानदेय न काटा जाए। चालकों और परिचालकों ने चेतावनी दी है कि यदि तत्काल समस्या हल नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। प्रदर्शन में आनंद बल्लभ, अनिल जोशी, जगदीश बोरा समेत तमाम लोग थे।