पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के तांकुल में 12 मेगावाट की विद्युत परियोजना का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना में चार-चार मेगावाट की तीन टरबाइन लगेंगी। परियोजना को भारत सरकार से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। परियोजना का कार्य इस साल के आखिर तक शुरू होने की उम्मीद है।
धारचूला तहसील के तांकुल में 11,842.76 लाख रुपये की लागत वाली जल विद्युत निगम की 12 मेगावाट की परियोजना प्रस्तावित है। कस्तूरा अभयारण्य के एक किलोमीटर के दायरे में आने से योजना के निर्माण में देरी हुई है।
निगम के अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित परियोजना का पावर हाउस मांगती के तांकुल में बनाया जाएगा। पावर हाउस के लिए बुंगबुंग के सिमखोला गाड़ से पानी टैप कर तांकुल तक लगभग तीन किलाेमीटर लंबी नहर बनाई जाएगी। तीनों टरबाइनों से 12 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। अधिकारियों के अनुसार परियोजना को भारत सरकार से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है।
इस परियोजना के निर्माण के लिए भूगर्भीय सर्वे पूरा करने के बाद क्षतिपूर्ति के तहत पौधरोपण के लिए वन विभाग को 3.94 करोड़ रुपये दिए जाने हैं। इसमें से लगभग 1.70 करोड़ की धनराशि जमा कर दी गई है। इस साल नवंबर से परियोजना का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना बनने से जहां 12 मेगावाट बिजली मिलेगी, वहीं युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
कोट
तांकुल में 12 मेगावाट की जल विद्युत परियोजना प्रस्तावित है। परियोजना को केंद्र सरकार से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। परियोजना से संबंधित अधिकांश औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है। - उमेश चंद्र जोशी, अधिशासी अभियंता, जल विद्युत निगम, पिथौरागढ़