घाट-पनार सड़क में पनार के पास जाम में फंसे वाहन। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। घाट-गंगोलीहाट सड़क पर निर्माणाधीन पनार पुल पर हो रही पहाड़ी कटिंग के कारण जाम लग रहा है। कई बार वाहनों के एक घंटे तक फंसे रहने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भी दर्जनों वाहनों के साथ ही शव यात्रा के वाहन भी जाम में फंसे रहे।
पिथौरागढ़-घाट- पनार सड़क पर पनार में पुराने पुल के स्थान पर नया पुल बनाया जा रहा है। इस समय पहाड़ी कटिंग का काम चल रहा है। पहाड़ी कटिंग के दौरान मलबे के साथ पेड़ और बोल्डर सड़क पर गिरने के कारण लंबा जाम लग रहा है। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भी कई बार वाहन जाम में फंसे।
इस दौरान बेहद जरूरी काम से जाने वाले लोगों को विलंब हुआ। घाटी क्षेत्र होने से तेज गर्मी के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। लोगों का कहना है कि इस समय कोविड काल चल रहा है। कई गंभीर मरीजों को जिले से हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। हल्द्वानी के लिए इसी रूट से एंबुलेंस चलती हैं। ऐसे में यदि एक घंटे से अधिक समय तक सड़क बंद रखी गई तो मरीजों की जान को खतरा पैदा हो सकता है। इस संबंध में एनएच के ईई एलडी मथैला ने बताया कि कटिंग के दौरान एक घंटे तक सड़क बंद रखी जा रही थी। जाम की समस्या को देखते हुए इस अवधि को कम कर पौन घंटा करने के निर्देश दिए गए हैं। एंबुलेंस या अन्य कोई आपात स्थिति होने पर तत्काल सड़क खोलने को कहा गया है।
चुलकोट-जौलढुंगा सड़क में फंस रहे हैं वाहन
पिथौरागढ़। मुनस्यारी विकासखंड के चुलकोट- जौलढुंगा सड़क बोथी के समीप बदहाल पड़ी है। बोथी पर सड़क कीचड़ से पटी हुई है। इस सड़क पर वाहन फंस रहे हैं। वाहनों को धक्का देकर निकालना पड़ रहा है। बंगापानी क्षेत्र निवासी मनोज कुमार ने बताया कि अभी बरसात शुरू नहीं हुई है और चुलकोट-जौलढुंगा सड़क पर कीचड़ की समस्या पैदा हो गई है। सड़क के खस्ताहाल होने से वाहनों के टायर एक फीट तक कीचड़ में धंसने से फंस रहे हैं। वाहनों को काफी मुश्किलों से धक्का देकर निकाला जा रहा है। उनका कहना है कि सड़कों के निर्माण में लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी क्षेत्र की जनता को यातायात सुविधा नहीं मिल पा रही है। (संवाद)