पिथौरागढ़। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस धारचूला के गुंजी में धरना देगी। कार्यकर्ता कैलाश दर्शन के लिए यात्रियों को हेलीकॉप्टर से गुंजी पहुंचाने का विरोध करेंगे। वहीं कथित तौर पर सेना की तरफ से स्थानीय लोगों की जमीनों पर कब्जा करने का विरोध किया जाएगा।
धारचूला विधायक हरीश धामी ने कहा कि 15 अक्तूबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में गुंजी में धरना दिया जाएगा। माहरा 14 अक्तूबर को धारचूला पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने हेलीकॉप्टर से कैलाश दर्शन यात्रा शुरू कर स्थानीय पर्यटन कारोबारियों का रोजगार छीन लिया है। यदि यात्रियों को हेलीकॉप्टर से धारचूला तक पहुंचाया जाएगा तो इससे स्थानीय टूर ऑपरेटरों, घोड़े-खच्चर से अपना रोजगार करने वालों को लाभ होगा। उन्होंने कहा आदि कैलाश यात्रा के लिए निजी टूर ऑपरेटरों को सीधे अनुमति दी जा रही है और स्थानीय टूर ऑपरेटरों को इससे वंचित किया जा रहा है। ऐसे में वे बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धारचूला में सेना लोगों की जमीनों पर कब्जा कर रही है। कहा कांग्रेस सेना को जमीन देने का विरोध नहीं करेगी लेकिन संबंधित लोगों को इसका स्वामित्व देने के साथ ही मुआवजा देना होगा। इन सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने गुंजी में धरना देने का कार्यक्रम तय किया है। संवाद