पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री का पुतला फूंकते कांग्रेसी।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो, पिथौरागढ़। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित 150 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पिथौरागढ़ में प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का पुतला फूंका। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह महर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टनकपुर रोड तिराहे में पुतला फूंका। कहा कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। कहा कि भाजपा के गलत इरादों को कांग्रेस चकनाचूर कर देगी। वरिष्ठ नेता खीमराज जोशी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से महंगाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार जनता से जुड़े इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष दिनेश बिष्ट ने कहा कि यदि फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
पुतला दहन करने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, पीसीसी सदस्य दीपक लुंठी, पवन पाटनी, त्रिलोक बिष्ट, मनोज मेहता, मनोज कुमार, हीरा सिंह बिष्ट, लक्ष्मण कुमार, कैलाश जोशी, रजत विश्वकर्मा, कार्तिक खर्कवाल, श्याम सिंह खड़ायत, हरीश जोशी, गजेंद्र मेहता, नफीश अहमद, बाब कन्याल, जगदीश धामी, मन्नू खड़ायत, सुधीर चौहान, मनोज पांडेय आदि उपस्थित थे। ब्यूरो