कैंडल जलाकर मृतक छात्र को श्रद्धांजलि देते थल के लोग।
- फोटो : पिथौरागढ़
आदर्श इंटर कॉलेज मुवानी में मंगलवार को पीएसी जवानों की निगरानी में शिक्षण कार्य हुआ। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को 15 फरवरी से शुरू होने वाली गृह परीक्षाओं के कार्यक्रम की जानकारी दी। इधर थल में देर शाम मृतक छात्र को कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। 13 और 14 फरवरी को विद्यालय में अवकाश रहेगा।
शनिवार को आदर्श इंटर कॉलेज मुवानी के 12वीं कक्षा के छात्र राहुल कुमार ने खुदकुशी कर ली थी। परिजनों ने शिक्षकों पर राहुल को भरी सभा में अपमानित करने का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन और चक्काजाम किया था। लोगों के आक्रोश से भयभीत शिक्षकों ने सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिलने पर सामूहिक अवकाश पर जाने की चेतावनी दी थी। इस पर पुलिस प्रशासन ने सोमवार शाम विद्यालय में पीएसी तैनात कर दी थी। मंगलवार को विद्यालय के सभी कामकाज शांतिपूर्वक संचालित हुए।
हालांकि क्षेत्रवासियों में इस घटना को लेकर अभी आक्रोश कम नहीं हुआ है। इससे शिक्षकों में भय व्याप्त है। स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्षा हीरा देवी ने शिक्षक और बच्चों की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की है। राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी ने भी प्रशासन से शैक्षणिक वातावरण सुचारु करने को लेकर शिक्षकों और छात्रों को सुरक्षा देने की मांग की है। इधर थल में मंगलवार की देर शाम मृतक छात्र राहुल कुमार को कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी। इसमें रमेश बम, कमलदीप बिष्ट, संजय वर्मा, हंस कुमार, दीपक कार्की, अमरजीत आदि लोग शामिल थे। इधर दो दिन के अवकाश को देखते हुए विद्यालय में तैनात किए गए पीएसी जवानों को वापस बुला लिया गया है।