थाना कोतवाली में हुई कम्युनिटी लाइजनिंग गोष्ठी में प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को तमाम संगठनों की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। गोष्ठी में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने यातायात समस्या, बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, शाम के समय तेज गति से बाइक चलाने, ग्राम प्रहरी के रिक्त पदों पद नियुक्ति करने, शहर में भवन निर्माण कर सड़क किनारे मलबा डालने आदि मामले उठाए। कहा कि आईटीआई के आसपास, सातसिलिंग क्षेत्र, चंडाक रोड और आठगांवसिलिंग क्षेत्र में युवा वर्ग एकत्रित होकर नशा करते हैं। इस दौरान नशे में छेड़छाड़ आदि घटनाओं को अंजाम देते हैं।
पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने समस्याओं के समाधान के लिए आश्वासन देते हुए कहा कि सत्यापन कार्य में तेजी लाई जाएगी। छेड़छाड़ की घटना के रोकथाम के लिए प्रभावी गश्त व्यवस्था की जाएगी। कहा कि जिले में ग्राम प्रहरियों के रिक्त पदों पर योग्य व्यक्तियों को नियुक्त किया जाएगा। जाजरदेवल चौकी में एक कर्मचारी को बढ़ा दिया गया है। उन्होंने बाइकर्स पर लगाम लगाने के लिए अधीनस्थों को निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों से अपराध नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की। कहा कि कोई आपराधिक घटना होने पर तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 911112982 पर सूचना दें।
सूचना पर कारवाई न होने की दशा में स्वयं के मोबाइल नंबर 941112082 पर सूचित करें।
सीमांत यूथ मोर्चा के सुशील खत्री, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष शमशेर सिंह महर समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने एसओजी को उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित करने की बात कही। पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु साह, निरीक्षक एलआईयू मुकेश कुमार पंत, प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक केसी आर्य, जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन जोशी, ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष रघुवीर सिंह, ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी सदस्य महेश मखोलिया, मनोज ओझा, जनक जोशी समेत वार्ड मेंबर, क्षेत्र पंचायत सदस्य आदि मौजूद थे।