मंच/चंपावत। जनपद चंपावत के सीमांत तल्लादेश के तामली में बीते तीन दिनों से बीएसएनएल का नेटवर्क पूरी तरह ठप है। इससे करीब पांच हजार की आबादी प्रभावित हुई है। लोग अपनों से बात नहीं कर पा रहे हैं।
संचार सेवा ठप होने से ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, सरकारी सेवाओं और आपातकालीन संपर्क सहित दैनिक कार्य प्रभावित हो गए हैं। तामली, बचकोट, पोलप और चामी गांव के लोगों के फोन सिर्फ खिलौने बनकर रह गए हैं।
पूर्व ग्राम प्रधान बचकोट पुष्कर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों का बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है। ग्रामीणों ने बीएसएनएल विभाग से जल्द नेटवर्क सेवा बहाल करने की मांग की है। स्कूली बच्चों को भी दिक्कत हो रही है।
बीएसएनएल के जेई राजीव कन्नौजिया ने बताया कि डीजल जनरेटर में दिक्कत के कारण समस्या आ रही है। इसे ठीक किया जा रहा है, जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी।