पिथौरागढ़। सीमांत जिले में बारिश और बर्फबारी के साथ ही शीतलहर चलने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों को इससे बचाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाए जाएंगे, वहीं रैन बसेरों में गर्म कपड़ों के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी। असहाय लोगों को ठंड से बचाने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जनपद में शीतलहर और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए शनिवार को डीएम आशीष भटगांई ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए जनसुविधा और सुरक्षा की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम से नगर निकाय एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अलाव जलाने के साथ ही रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, रोशनी आदि की व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जरूरतमंद, असहाय और बेघर व्यक्तियों को ठंड से बचाना प्राथमिकता है। उन्होंने ऐसे लोगों को शीघ्र कंबल बांटने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा डीएम नने पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटक स्थल, होटल, गेस्ट हाउस एवं अन्य आवासीय इकाइयों में हीटर, बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
डीएम ने बैठक के दौरान कहा कि बर्फबारी के दौरान बंद सड़कों को खोलने के लिए स्नो कटर, जेसीबी मशीन और अन्य आवश्यक मशीनरी की तैनाती जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों का चिह्नीकरण कर वहां आवश्यक मशीनों की तैनाती की जाए। डीएम ने कहा कि शीतकाल के दौरान जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई होगी।