मुख्यमंत्री हरीश रावत के एक जनवरी को पिथौरागढ़ दौरे के समय पुलिस का भारी बंदोबस्त रहेगा। सीएम के दौरे को देखते हुए नेपाल सीमा पर एसएसबी को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। एसपी रोशन लाल शर्मा ने एसएसबी के अधिकारियों से इस संबंध में बात की और नेपाल सीमा पर स्थित सभी बार्डर आउट पोस्ट में विशेष सतर्कता बढ़ाने को कहा है।
एसपी ने बताया कि सीएम की सुरक्षा में जिले का ही पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा। बाहरी जिलों से फोर्स नहीं मंगाई गई है। उन्होंने बताया कि सीएम के दौरे के समय तीन पुलिस क्षेत्राधिकारी, दो निरीक्षक, 23 उपनिरीक्षक, 19 हेड कांस्टेबल, 151 कांस्टेबल, 11 महिला पुलिसकर्मी, 14 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, दो प्लाटून पीएसी, एक टियर गैस यूनिट, एक क्विक रिएक्शन यूनिट, एक बम डिस्पोजल यूनिट तैनात होगी। इसके अलावा एलआईयू निरीक्षक मुकेश कुमार पंत के नेतृत्व में सादी वर्दी में एलआईयू के कर्मचारी तैनात होंगे। उन्होंने बताया कि क्योंकि यह इलाका नेपाल सीमा से सटा है। ऐसे में सीएम के दौरे के समय नेपाल सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए एसएसबी के अफसरों से आग्रह किया गया है।