बंद सड़क को तत्काल खोलने के आदेशों को हवा में उड़ाने के साथ ही ग्रामीण पंचायतों के सदन क्षेत्र पंचायत की अवमानना के मामले को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने काफी गंभीरता से लिया है। वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री के सामने मामला उठाया है। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री के आदेश का क्यों पालन नहीं हुआ यह भी देखा जा रहा है। अमर उजाला ने 24 जून के अंक में इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। खबर छपने के बाद पीएमजीएसवाई डिवीजन हरकत में तो आया है, लेकिन लंबे समय से बंद पड़ी गूटी को जाने वाली सड़क को खोलने का काम बुधवार को भी प्रारंभ नहीं हुआ है?
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 16 जून को मुनस्यारी की क्षेत्र पंचायत की बैठक में शिरकत की थी, जिसमें मुनस्यारी की कनिष्क ब्लाक प्रमुख देवकी देवी ने बांसबगड़ से गूटी जाने वाली सड़क लंबे समय से बंद होने का मामला उठाया। उन्होंने अपने विधायक प्रदेश के सीएम को बताया कि सड़क बंद होने से इलाके के लोगों को 9 किमी पैदल चलना पड़ रहा है, डोली में असहाय और बीमार लोगों को लाना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने सड़क को तत्काल खोलने के निर्देश अधिकारियों को दिए, लेकिन सड़क नहीं खुली।
मंगलवार को देवकी देवी ने सड़क नहीं खुलने का मामला विधायक (सीएम) प्रतिनिधि हीरा चिराल के सामने उठाया। चिराल ने मुख्यमंत्री के ओएसडी डा. संजय और उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी के माध्यम से सदन और मुख्यमंत्री की अवमानना के इस मामले को मुख्यमंत्री के सामने उठाया। धामी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। उधर, देवकी देवी ने फोन पर बताया कि सड़क खोलने का काम बुधवार को भी शुरू नहीं हुआ है। विभाग के लोग सड़क खोलने के लिए दूसरे स्थान से मशीन लाने की बात जरूर कर रहे हैं। बताया कि 9 किमी लंबी सड़क पिछले 22 दिन से बंद होने से इलाके के लोग परेशान हैं।
ईई को पता ही नहीं है कब से बंद है सड़क
पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल से फोन पर गूटी सड़क के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि खुल गई होगी, फिर कहा बुधवार से ही सड़क खोलने का काम शुरू हुआ है। सड़क कब से बंद थी के सवाल पर ईई ने असहजता से कहा कि 2-3 दिन से? जब उनसे कहा गया कि उसी क्षेत्र की रहने वाली मुनस्यारी की कनिष्क ब्लाक प्रमुख और विधायक प्रतिनिधि सड़क को बंद बता रहे हैं। सीएम ने सड़क खोलने के आदेश दिए थे, तो ईई ने सड़क कब से बंद थी, खुली या नहीं पता करके बताता हूं, कहकर फोन काट दिया। वहीं इस मामले में विधायक प्रतिनिधि हीरा चिराल ने जिलाधिकारी सुशील कुमार से बात की। डीएम ने पीएमजीएसवाई के अभियंताओं को सड़क खोलने के आदेश देने की बात कही। चिराल ने कहा कि सड़क खोलने का काम शुरू न होने की जानकारी सीएम कार्यालय को दे दी है।