पिथौरागढ़। 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी आदि कैलाश के दर्शन करेंगे। वह यहां योग दिवस पर होने वाले कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा योग दिवस को रामलीला मैदान पिथौरागढ़ में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को सीएम के कार्यक्रम और योग दिवस की तैयारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
शनिवार को जिला सभागार में डीएम रीना जोशी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम गुंजी, आदि कैलाश, पार्वती कुंड में आयोजित किया जाएगा जिसमें सीएम पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को योग दिवस की तैयारी समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एसडीएम धारचूला को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसबी, सेना, आईटीबीपी, बीआरओ और स्थानीय होम स्टेट संचालकों से समन्वय बनाते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ज्योत्सना सनवाल को विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय बनाते हुए व्यवस्थाओं को 17 जून तक पूरा करने को कहा।
उन्होंने ईई जल संस्थान, जल निगम और यूपीसीएल को पेयजल, विद्युत व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। लोनिवि के ईई अस्कोट को टेंट, योगा मैट, गद्दे, लाउडस्पीकर, माइक, पोडियम और गेस्ट हाउस की व्यवस्था ठीक करने को कहा। डीएम ने एआरटीओ को पर्याप्त मात्रा में वाहनों की व्यवस्था करने, जिला परियोजना प्रबंधक को वीडियोग्राफी की व्यवस्था, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका धारचूला कार्यक्रम स्थल में साफसफाई की व्यवस्था, मंडल अभियंता दूरसंचार कार्यक्रम के दौरान मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीडीओ नंदन कुमार, एडीएम डॉ. शिव प्रसाद बरनवाल, सीओ परवेज अली आदि मौजूद रहे।