सीमांत यूथ मोर्चा ने शनिवार को जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूथ मोर्चा का आरोप है कि जल संस्थान ने लंबे समय से पेयजल टैंकों की सफाई नहीं की है और लोगों को गंदा पानी पिलाया जा रहा है। जल संस्थान की लापरवाही का खामियाजा नगर के लोगों को भोगना पड़ रहा है। यदि गंदे पानी से नगर में बीमारी फैली तो इसके लिए जल संस्थान जिम्मेदार रहेगा।
यूथ मोर्चा के संयोजक सुशील खत्री के नेतृत्व में एकत्रित युवाओं ने कहा कि नगर क्षेत्र में पेयजल टैंकों की सफाई एक साल से नहीं की गई है। जबकि पेयजल टैंकों की कम से कम हर तीसरे महीने सफाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पानी की टंकियों की सफाई के लिए विभाग को धनराशि मिलती है लेकिन उसका उपयोग नहीं होता। चेतावनी दी है कि यदि तत्काल पेयजल टंकियों की सफाई नहीं की गई तो जल संस्थान कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों मं सुरेश जोशी, कैलाश सिंह कठायत, राकेश, नरेंद्र, जनार्दन पंत, आशीष दयाल, शंकर राम, लक्ष्मण नयाल समेत अन्य लोग शामिल थे।