पिथौरागढ़। जिले के 10 इंटर कॉलेजों में अब विद्यार्थियों को बैठने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी। इन विद्यालयों में चार-चार कक्षा कक्ष बनेंगे। इसमें पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जिले के जीआईसी रोड़ीपाली, थल, टिमटा, खेलोडी, नायल, छड़ोली, गुरना, मानले, बलुवाकोट और राईआगर में 2500 से अधिक विद्यार्थी कक्षा कक्षों की कमी से जूझ रहे हैं। अधिकांश विद्यालयों में बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने से एक कक्ष में दो कक्षाओं का संचालन करना पड़ रहा है। अब विद्यार्थियों के साथ ही विद्यालय प्रबंधन को इस समस्या से छुटकारा मिलेगा। इन सभी विद्यालयों में पांच करोड़ रुपये से चार-चार कक्षा कक्षों का निर्माण किया जाएगा। इसका कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
जीआईसी मदकोट और डीडीहाट के भवनों का होगा सुधारीकरण
जिले के जीआईसी मदकोट और डीडीहाट में जर्जर भवनों की मरम्मत होगी। विभाग ने काम शुरू कर दिया है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही इन भवनों का सुधारीकरण होने से विद्यार्थियों को जर्जर भवनों में जान जोखिम में डालकर पढ़ाई नहीं करनी होगी।
कोट
जिले के आठ विद्यालयों में कक्षा कक्षों का निर्माण होगा इससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। दो विद्यालयों के जर्जर भवनों की भी जल्द मरम्मत कराई जाएगी। - तरुण कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी, पिथौरागढ़