डीडीहाट (पिथौरागढ़)। उड़ान योजना में शामिल किए जाने के बाद चार साल बीत चुके हैं लेकिन डीडीहाट से हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका है। इन चार वर्षों में क्षेत्र के लोगों ने विभिन्न मंचों से हवाई सेवा के दावे उड़ते कई बार देखे लेकिन हेलिकॉप्टर नहीं।
वर्ष 2021 में केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत डीडीहाट में हेलीपैड निर्माण कर यहां से हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने के दावे किए गए। ग्रामीण निर्माण विभाग ने ननपापू में 77 लाख रुपये से हेलीपैड का निर्माण भी शुरू किया। 50 फीसदी काम होने के बाद वन विभाग की आपत्ति लग गई और बीते दो साल से हेलीपैड का निर्माण कार्य बंद है। अब हेलीपैड के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था और वन विभाग आमने-सामने हैं।
वन विभाग का कहना है कि हेलीपैड को ननपापू की मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए बनाई गई सड़क की खातिर बगैर अनुमति के कई पेड़ काट दिए गए हैं। विभाग की आपत्ति लगी तो इसका निर्माण कार्य रोकना पड़ा है। फिलहाल जो भी हो हेलीपैड का निर्माण न होने से उड़ान योजना पर ब्रेक लगा हुआ है और क्षेत्र के लोग दावों को ही उड़ता देख रहे हैं।
बोले लोग
डीडीहाट को उड़ान योजना से जोड़ने का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों की आसानी से यहां तक पहुंच बनाना था। हेलीपैड के लिए चयनित जमीन का वन भूमि के दायरे में आने से इसका निर्माण कार्य बंद करना क्षेत्र के विकास के लिए सही नहीं है। - चंचल सिंह चौहान
पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को हवाई सेवा का लाभ दिलाने के लिए हेलीपैड आवश्यक है। दो साल से इसका कार्य बंद है। सरकार को इसका संज्ञान लेना चाहिए। - डीएस पांगती, व्यापारी
नगर के आसपास आईटीबीपी, एसएसबी और आर्मी तैनात है। हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने से सैनिकों को भी आवाजाही में आसानी होगी। सरकार की उदासीनता के चलते हेलीपैड अधर में लटका है। - लवि कफलिया
हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने से पर्यटन बढ़ता तो कारोबार भी रफ्तार पकड़ता। इस बहुउपयोगी योजना के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाते हुए क्षेत्र के लोगों को धोखा दिया गया है। - प्रकाश बोरा, होटल व्यवसायी
कोट
हेलीपैड को जोड़ने के लिए बनी सड़क पर अवैध तरीके से कई पेड़ काटे गए हैं। इसकी जानकारी मिलने पर आपत्ति लगाई गई है। बगैर अनुमति के पेड़ों को काटना नियमों के खिलाफ है। - सुरेंद्र सिंह रावत, रेंज, डीडीहाट
कोट
हेलीपैड के निर्माण में पेड़ों का कटान नहीं किया गया है। हेलीपैड को जोड़ने के लिए बनी रोड का निर्माण विभाग ने नियमों के मुताबिक किया है। आपत्ति हटते ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - नितिन पांडे, ईई, आरडब्लूडी, डीडीहाट