बच्चों के हौसले को सलाम बारिश के कारण पहाड़ों में कई जगह रास्ते बंद हैं। सड़कों पर मलबा और बोल्डर ?
- फोटो : PITHORAGARH
नाचनी (पिथौरागढ़)। तल्लाजोहार में बारिश से सड़कों के अलावा पैदल मार्ग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। स्थिति यह है कि रूईसपाटा गांव के 30 बच्चे बारिश में ध्वस्त पैदल रास्तों पर जान की बाजी लगाकर स्कूल पहुंच रहे हैं।
रूईसपाटा गांव के छात्र-छात्राओं को पैदल रास्तों के ध्वस्त होने से तीन किमी पैदल चलकर प्राथमिक, हाईस्कूल और इंटर की शिक्षा के लिए फूली-डोर पहुंचाना पड़ रहा है। प्रधान मुन्नी देवी ने बताया कि बारिश ने गांव तक पहुंचने के संपर्क पैदल मार्ग जाकुला नदी के कटाव और भूस्खलन से ध्वस्त हो गए हैं। स्कूली बच्चों के अलावा बीमार लोगों को सड़क तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है।
युवक मंगल दल के अध्यक्ष जगदीश सिंह मेहता ने बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय में दो वर्ष से स्थायी शिक्षक नहीं होने से प्राथमिक स्तर के बच्चों को भी खतरनाक पैदल रास्तों से तीन किमी दूर फूली भेजना पड़ रहा है। दो दिन पहले एक अस्थायी शिक्षक की नियुक्ति हुई है, लेकिन विद्यालय का प्रभार मदकोट क्षेत्र के जौलढुंगा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक को दिया है। नियुक्ति शिक्षक को कार्यालय के काम के लिए विद्यालय को बंद करना पड़ रहा है।