धारचूला के जीआईसी जुम्मा में क्रमिक अनशन पर बैठे ग्रामीण। स्रोत: स्वयं
धारचूला (पिथौरागढ़)। राजकीय इंटर काॅलेज जुम्मा में शिक्षकों की तैनाती किए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का क्रमिक अनशन नौवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान दसवीं कक्षा के बच्चों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
अभिभावक संघर्ष समिति के बैनर तले जुम्मा विद्यालय में ग्रामीण शिक्षकों की मांग को लेकर आंदोलित हैं। विद्यालय में 264 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां एक प्रवक्ता और दो एलटी के शिक्षक ही तैनात है। दो अतिथि शिक्षक आंदोलन पर हैं। अभिभावकों को कहना है कि शिक्षा विभाग दूरस्थ क्षेत्रों की उपेक्षा कर रहा है। उन्होंने शिक्षा विभाग होश में आओ के भी नारे लगाए।
10 वीं कक्षा का एक पीरियड खाली रहने से बच्चों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने विद्यालय में शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई। कहा कि शिक्षक नहीं होने से उनकी पढ़ाई चौपट हो गई है। क्रमिक अनशन पर आन सिंह धामी, मनोज सिंह, मदन सिंह, सुरेंद्र सिंह, कल्याण सिंह, रूप सिंह, चंद्र सिंह बैठे। उनके समर्थन में चंद्रा देवी, आनमती, ईश्वरी देवी, धाना, हेमा देवी आदि बैठे रहे। संवाद