फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बच्चा, जवान, बूढ़ा, हर किसी का रुख स्टेडियम की ओर

Sun, 12 Feb 2017 10:56 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ में प्रधानमंत्री को सुनने के लिए लोग इस तरह मकानों की छतों पर चढ़ गए - फोटो : विपिन गुप्ता
विज्ञापन
रविवार को साप्ताहिक बंदी के कारण पिथौरागढ़ शहर की दुकानें बंद थीं। सरकारी दफ्तरों में अवकाश था। लेकिन सुबह 10 बजे के बाद शहर के बच्चे, जवान, बूढे़ हर किसी का रुख खेल स्टेडियम की ओर था। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के कारण रविवार के अवकाश का असर बेअसर होते दिखा। प्रधानमंत्री की रैली में 40,000 से अधिक लोगों की मौजूदगी का अनुमान लगाया जा रहा है। लोग प्रधानमंत्री मोदी से पहाड़ के मुद्दों की बातें सुनना चाहते थे। काफी हद तक प्रधानमंत्री ने लोगों के अहम मुद्दों को छूने की भी कोशिश की, लोग इसकी चर्चा करते भी दिखे।
विज्ञापन


सुबह 10 बजे बाद शहर के सिल्थाम, केएमओ स्टेशन, सिनेमा लाइन, जीआईसी लाइन, पुरानी बाजार, नया बाजार के साथ ही हर गली से लोगों का हुजूम टकाना स्थित खेल स्टेडियम की ओर बढ़ने लगा। पीएम मोदी का सभास्थल पर पहुंचने का समय अपरान्ह 2.35 बजे निर्धारित था। दोपहर 12.30 बजे खेल स्टेडियम में करीब 20,000 लोग जमा हो चुके थे। दोपहर 1.15 बजे आयोजन स्थल खचाखच भर गया। खेल स्टेडियम के साथ ही लोगों ने आसपास के घरों की छतों पर बैठकर प्रधानमंत्री का भाषण सुना। 

रैली में पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के साथ ही डीडीहाट, गंगोलीहाट, धारचूला से लोग पहुंचे हुए थे। चंपावत और बागेश्वर के सीमावर्ती इलाकों के लोग भी पीएम को सुनने के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री के 47 मिनट के दौरान कई बार मोदी-मोदी के नारों से आयोजन स्थल गुंजायमान हो उठा।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री के सभास्थल से जाने के बाद लोगों में उनके भाषणों का प्रभाव जानने की कोशिश की। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के गुरना से प्रधानमंत्री के भाषणों को सुनने पहुंचे रमेश दत्त का कहना था कि प्रधानमंत्री से सैन्य बहुल क्षेत्र में सैनिकों के बारे में कुछ सुनने की इच्छा थी। प्रधानमंत्री ने सैनिक और सैनिक परिवारों का कई बार जिक्र कर वीरभूमि के लोगों के दिलों को छूने की कोशिश की। गणाईगंगोली से पहुंचे मोहन सिंह का कहना था कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रधानमंत्री का रुख हमेशा कड़ा रहा है। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों में साक्षात्कार का प्रावधान हटाने की बात कहकर उन्होंने बेरोजगार युवाओं को पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया की उम्मीद दिखाई है। 

डीडीहाट निवासी रमेश राम पहाड़ से हो रहे पलायन पर ठोस आश्वासन की उम्मीद प्रधानमंत्री से पाले थे। उनका कहना कि प्रधानमंत्री ने पलायन की रोक की बात तो की, लेकिन इसका निदान क्या होगा, इस पर खुलकर मंशा साफ नहीं की। शहर निवासी कपिल कुमार का कहना था कि प्रधानमंत्री ने पंचेश्वर बांध निर्माण को रोजगार सृजन से जोड़ा। बेरोजगारी दूर करने के लिए और स्पष्ट विजन सामने आना चाहिए था। शहर निवासी रितु प्रधानमंत्री के भाषणों से प्रभावित नजर आईं। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री ने गरीब महिलाओं को रसोई गैस का मुफ्त कनेक्शन देने का प्रावधान कर महिलाओं को काफी राहत दी है। 

ऐसी छह मंजिला सभा कहीं नहीं देखी
पिथौरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर पहुंचते ही लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने मंच के हर कोने से लोगों को हाथ हिलाया। जब संबोधन करने आए तो भीड़ देखकर प्रफुल्लित नजर आए। पीएम ने कहा उन्होंने अनगिनत सभाएं देखी हैं, लेकिन पिथौरागढ़ की जैसी छह मंजिली सभा कहीं नहीं देखी। उनका इशारा कई मंजिला इमारतों पर बैठे लोगों की तरफ था।

3 एमआई-17 हेलीकॉप्टरों के काफिले के साथ पहुंचे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायुसेना के 3 एमआई-17 हेलीकॉप्टरों के काफिले के साथ पिथौरागढ़ पहुंचे। उनके हेलीकॉप्टर दोपहर 2.19 मिनट में पिथौरागढ़ के आसमान पर मंडराए। 2.24 बजे हेलीकॉप्टर नैनीसैनी हवाई पट्टी में लैंड हुए। 3.01 बजे मोदी कार से सभास्थल पर पहुंचे। 3.05 बजे से 3.52 तक प्रधानमंत्री ने संबोधन किया। 3.55 बजे कार्यक्रम स्थल से कार द्वारा एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। 4.15 बजे पीएम के हेलीकॉप्टरों ने पंतनगर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री को दोपहर 2.35 बजे पिथौरागढ़ पहुंचना था।

पीएम ने मंच की साइड में लगे पर्दे हटवाए
प्रधानमंत्री मोदी जब भाषण देने के लिए मंच पर पहुंचे तो मंच की दोनों साइडों में लगे पर्दे से किनारे के दोनों छोरों पर बैठे लोग उन्हें नहीं दिखे। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों से दोनों साइडों में लगे पर्दे हटवाए। फिर जनता की तरफ मुखातिब होते हुए बोले कि अब दिख रहा कि नहीं। लोग इस पर हंस पड़े।

प्रधानमंत्री को भेंट की गदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाजपाइयों ने पुष्प गुच्छ, शाल ओढ़ाकर, 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। डीडीहाट के विधायक विशन सिंह चुफाल ने पीएम को गदा भेंट की। प्रधानमंत्री के मंच पर पहुंचने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा, पिथौरागढ़ के प्रत्याशी प्रकाश पंत, डीडीहाट के प्रत्याशी विशन सिंह चुफाल, गंगोलीहाट की प्रत्याशी मीना गंगोला, धारचूला के प्रत्याशी वीरेंद्र पाल, प्रदेश उपाध्यक्ष केदार जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेद्र वल्दिया, रवींद्र सिंह बिष्ट मालदार, महेंद्र सिंह लुंठी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा, राजेंद्र सिंह रावत, देवी दत्त जोशी, जिला महामंत्री गोपू महर, सुरेश जोशी, इंदर लुंठी, बसंत जोशी, प्रेमा कोश्यारी, मीनू बिष्ट, उमा पांडे समेत तमाम लोगों ने विचार रखे। संचालन रैली संयोजक राजू भंडारी ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें