फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में रखी मेडिकल कॉलेज की आधारशिला

Wed, 21 Dec 2016 10:20 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ के मोस्टामानू में मेडिकल कालेज का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री हरीश रावत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मोस्टामानू (चंडाक) में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए सरकार ने 3.5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के बेस अस्पताल को वर्ष 2017 तक पूरा करने की बात कही। पिथौरागढ़ से हवाई सेवा शुरू न होने के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
विज्ञापन


दोपहर 12.10 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मोस्टामानू पहुंचे। यहां से वह सीधे मोस्टामानू मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखने के बाद 12.30 बजे से जनसभा को संबोधित किया। कहा कि सीमांत जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। तीन साल के भीतर मेडिकल कॉलेज का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा वर्ष 2017 में पिथौरागढ़ में 300 बिस्तरों का बेस अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा। मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल बनने के बाद सीमांत जिले में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो जाएंगी। लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सीएम ने कहा कि मार्च 2017 तक आंवलाघाट पेयजल योजना का काम पूरा हो जाएगा।

उन्होंने हवाई पट्टी से नियमित उड़ान न होने के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उड़ान शुरू करने वाली विमानन कंपनी और पायलट को बड़े स्तर (केंद्र सरकार) से लाइसेंस निरस्त करने की धमकी दी गई। सीएम ने कहा कि हवाई सेवा शुरू करने का मामला भाजपा के कारण खटाई में पड़ा है। कहा कि उन्हें फिर से सरकार बनाने का मौका मिला तो पिथौरागढ़ से 30 सीटर विमान उड़ाए जाएंगे। राज्य सरकार के विमान का भी व्यावसायिक उपयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भाजपा का नाम लिए बगैर कहा कि विरोधी अपने समय में काम नहीं कर पाए, दूसरा कर रहा है तो सवाल खड़े करते हैं। इन लोगों ने स्पोर्ट्स कॉलेज, स्टेडियम के विस्तारीकरण पर भी सवाल उठाए थे।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा उनकी सरकार ने छोटी प्रशासनिक इकाईयां बनाने का काम किया है। पिथौरागढ़ जिले में 6 तहसील थी, सरकार ने 6 नई तहसीलों का गठन किया है। राज्य सरकार ने प्रदेश में एक साल के भीतर 1102 सड़कों का काम शुरू हुआ है, इसमें 192 सड़कें पिथौरागढ़ की हैं। कहा कि उनकी 70 प्रतिशत घोषणाएं पूरी हो गई है।

उनकी सरकार ने 16000 युवाओं को नौकरी दे दी है, इनमें अतिथि शिक्षक भी शामिल है। 14000 नौकरियां देने की कार्रवाई गतिमान है। 2014 में राज्य में 58 डिग्री कॉलेज थे। आज 110 डिग्री कॉलेज हैं। शाम तक आचार संहिता न लगे तो एक-आद और बना दूंगा। इससे पहले विधायक मयूख महर ने विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश महामंत्री जगत सिंह खाती, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, राज्य विधि आयोग के उपाध्यक्ष रमेश कापड़ी, सहकारिता परिषद के उप सभापति महेंद्र लुंठी, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता भुवन पांडे, पूर्व विधायक गोपाल दत्त ओझा, महिला नेत्री रेवती जोशी आदि मौजूद थे। 1.20 बजे सीएम पिथौरागढ़ से गणाई को रवाना हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें