पनीर, दूध की सैंपलिंग करते जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
खाद्य सुरक्षा विभाग ने यूपी के गजरौला से यहां लाए जा रहे पनीर, दूध और दही के सैंपल लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिए हैं। पिकप वाहन से करीब 500 किलो पनीर, दूध और दही यहां बेचने के लिए लाया जा रहा था। जांच रिपोर्ट आने के बाद इसमें कार्रवाई की जाएगी।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आरएस कठायत ने दिवाली के मद्देनजर बृहस्पतिवार को वाहनों की सघन चेकिंग की। इसी दौरान पिकप (यूके 03 सीए 0726) की चेकिंग की तो उसमें भारी मात्रा में दूध निर्मित सामग्री लदी थी। डॉ. कठायत ने बताया कि इस सामग्री के वितरण पर रोक लगा दी है। तीनों पदार्थों के नमूने लेने के बाद वाहन को लौटा दिया है।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि खाद्य पदार्थों की बिक्री के समय मानकों का ध्यान दें और गलत सामग्री उपभोक्ताओं को न बेचें। उनके साथ चेकिंग अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार भी थे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दिवाली तक इसी तरह सघन चेकिंग अभियान चलाने का फैसला लिया है।