मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी के आईटीबीपी बैंड के पास सस्ता गल्ला विक्रेता और पूल सेंटर संचालक के बीच हुई मारपीट में सस्ता गल्ला विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। नाराज घायल के साथियों ने भी पूल सेंटर में तोड़फोड़ कर दी। घायल के परिजनों की तहरीर पर पूल सेंटर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बृहस्पतिवार देर शाम साइंपोलू निवासी सस्ता गल्ला विक्रेता (लास्पा मल्ला जोहार) बीरबल लसपाल (44) के साथ आईटीबीपी बैंड के पास कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया। उनके सिर पर 17 टांके लगे हैं। डॉ. निपुण रावत ने सिटी स्केन के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया है। इस मामले में घायल का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद परिजनों ने मुनस्यारी थाना में नामजद तहरीर सौंपी। थानाध्यक्ष बीसी मासीवाल ने बताया कि मारपीट के आरोपी अमित जोशी के विरुद्ध 323 और 506 में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना एएसआई कृपाल सिंह पटवाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच हुए विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। संवाद