फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छारछुम मोटर पुल से भारत-नेपाल के आपसी संबंध होंगे मजबूत : डॉ. शर्मा

Thu, 25 Dec 2025 10:42 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
धारचूला (पिथौरागढ़)। भारत में नेपाल के राजदूत डॉ. शंकर प्रसाद शर्मा ने पांच राजनयिकों के दल के साथ छारछुम में लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माणाधीन मोटर पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विज्ञापन

राजनयिकों का दल 24 से 28 दिसंबर तक जनपद पिथौरागढ़ और चंपावत के भ्रमण पर है। दल बुधवार की रात करीब 8:15 बजे कुमाऊं स्काउट्स के आईबेक्स गेस्ट हाउस धारचूला पहुंचा। सुबह दल ने नेपाल पहुंचकर दार्चुला के अधिकारियों से भेंट की। इसके बाद सुबह 10 बजे भारत-नेपाल के बीच बन रहे छारछुम पुल का जायजा लिया। राजदूत ने वहां मौजूद अधिकारियों से पुल के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान भारतीय अधिकारियों ने उनके समक्ष अपनी बात रखी।
राजदूत डॉ. शर्मा ने कहा कि काली नदी पर मोटर पुल बनने से दोनों देशों के नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही आपसी संबंध और अधिक मजबूत होंगे। बता दें कि काली नदी पर भारत-नेपाल के बीच 32.98 करोड़ की लागत से 110 मीटर लंबा पुल बनकर तैयार है। इसमें नेपाल की ओर पुल को जोड़ने वाली रोड बननी रह गई है।
विज्ञापन

एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने बताया मोटर पुल का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। विदेश मंत्रालय से निर्देश मिलने के बाद पुल पर आवाजाही शुरू हो जाएगी। बाद में दल टनकपुर को रवाना हो गया। इस मौके पर नेपाल के सहायक प्रमुख जिलाधिकारी दार्चुला विनोद दहाल, एसपी एपीएफ देवराज जोशी, डीएसपी गौरव महत, प्रमुख अनुसंधान अधिकारी गोविंद पांडे समेत भारत के लोनिवि, ग्रिफ, राजस्व विभाग, पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

व्यापार और संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
भारत और नेपाल के बीच छारछुम पर बने रहे मोटर पुल से दोनों देशों के बीच वाहनों से आवागमन शुरू हो जाएगा। इससे व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को काफी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही रोटी-बेटी के संबंध और भी मजबूत होंगे।
फोटो 25 पीटीएच 09 पी- धारचूला के छारछुम में भारत-नेपाल के बीच बन रहे मोटर पुल का निरीक्षण करते नेपाल के राजदूत डॉ. डॉ. शंकर प्रसाद शर्मा और अधिकारी। संवाद

छारछुम पुल से मार्च में यातायात शुरू होने की उम्मीद

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि स्पॉन पुल की चौड़ाई 10.50 मीटर और 7.5 मीटर कैरिज-वे है। उन्होंने बताया कि राजमार्ग से पुल को जोड़ने वाली 150 मीटर लंबी संपर्क सड़क मार्च 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी। नेपाल की ओर की संपर्क सड़क इस माह के अंत तक तैयार हो जाएगी। बता दें कि डीएम आशीष भटगांई ने पिछले सप्ताह आयोजित बैठक में पुल को शीघ्र खोलने के लिए सुरक्षा एवं कस्टम विभाग के लिए अस्थायी शेडों के निर्माण के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए हैं। धारचूला के एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने बताया कि दोनों ओर संपर्क सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।

नेपाल से भारत में ब्याही गई बेटियों का मुद्दा उठाया

धारचूला (पिथौरागढ़)। भारत में नेपाल के राजदूत डॉ. शंकर प्रसाद शर्मा एवं राजनयिक दल के समक्ष स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नेपाल से विवाह कर भारत लाई गई बेटियों की नागरिकता एवं अन्य अधिकारों के मामले को रखा।
उन्होंने ज्ञापन सौंपकर कहा कि नेपाल से भारत में ब्याही गई महिलाओं को भारत में आधार कार्ड बनाने एवं नागरिकता मिलने में काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने नियमों में सरलीकरण किए जाने की मांग की। इस पर राजदूत ने कहा कि नेपाल में ब्याही गई भारतीय महिलाओं के लिए यह कार्य वहां की सरकार कर रही है। नेपाली बेटियों को भारत में अपने प्रपत्र बनाने के लिए वहां के नियम, कानून और प्रावधानों का पालन करना पड़ेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस संबंध में भारत सरकार से वार्ता की जाएगी। वहां ग्राम प्रधान बोन भीम सिंह बोनाल, प्रधान फिलम जयेंद्र सिंह और सेला के प्रधान अनिल सिंह आदि थे। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें