पिथौरागढ़/झूलाघाट। जिले में तीन कोरोना मरीज मिलने के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ानी शुरु कर दी है। वड्डा पुलिस ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने पर 17 लोगों का चालान किया है। ग्रीन जोन से आरेंज जोन में आने के बाद पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। क्षेत्र में घूमकर लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है। चौकी प्रभारी एचएस डांगी के नेतृत्व में वड्डा, भड़कटिया क्षेत्र में बाजार में फालतू घूम रहे 17 लोगों का 81 पुलिस एक्ट में चालान कर चार हजार दो सौ पचास रुपये का राजस्व एकत्र किया गया। उन्होने क्षेत्र के सभी लोगों से अनावश्यक बाजार में न आने की अपील की है। साथ ही बिना मास्क के घूमने और बिना पास के वाहन न चलाने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की है। झूलाघाट में भी मंगलवार सुबह मार्निग वाक पर निकले दर्जनों लोगों को पुलिस ने खदेड़ा। पकड़े गए लोगों को थाने बुलाकर एसओ महेश चंद्र ने चेतावनी देकर छोड़ दिया।(संवाद)