जाति आधारित आरक्षण समाप्त करने, आर्थिक आधार पर केवल शिक्षा में आरक्षण देने की मांग को लेकर गांधी चौक में 14वें दिन भी धरना जारी रहा। महिला जागृति मंच की अध्यक्ष प्रेमा बसेड़ा ने इस मांग को लेकर देवलथल में भी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। सीमांत यूथ मोर्चा ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है।
आर्थिक आधार आरक्षण मंच के संयोजक नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष शमशेर महर के नेतृत्व में गांधी चौक में एकत्र लोगों ने जातिगत आरक्षण के खिलाफ नारेबाजी की। महर ने कहा कि जाति के आधार पर आरक्षण देकर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। आरक्षण का खामियाजा मेधावी भुगत रहे हैं, जिन्हें आरक्षण के कारण पिछड़ना पड़ रहा है। गरीबों के बच्चे शिक्षा नहीं ले पा रहे हैं, यदि सरकार गरीबों का हित चाहती है तो शिक्षा में उनको आरक्षण दे, इससे सभी वर्गों का भला होगा, जाति भेद भी समाप्त हो जाएगा।
मंच के सह संयोजक गोविंद सिंह ने कहा कि जाति के नाम पर आरक्षण की मांग बढ़ती ही जा रही है, इस पर लगाम कसने का साहस सरकार को दिखाना चाहिए। सीमांत यूथ मोर्चा के अध्यक्ष सुशील खत्री, सुरेश जोशी, राहुल खत्री, कैलाश कठायत, संजय जोशी, जिला ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी, महासचिव उम्मेद सिंह बिष्ट ने आंदोलन को समर्थन दिया है। कैप्टन महादेव भट्ट के संचालन में हुई सभा में भावना ज्याला, कविता मेहता, पुष्पा धामी, मुकेश भट्ट, दिल गिरी, पुष्कर राम, विनीता पंत ने विचार रखे।