पिथौरागढ़ के जाजरदेवल क्षेत्र के सुजई में एक घर से 12 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। घर में काम करने वाले कारपेंटर ने ही इस घटना को अंजाम दिया। समय पर मामला पुलिस तक पहुंचने से आरोपी गिरफ्तार हुआ है। यदि पुलिस तक मामला पहुंचने में देर होती हो कारपेंटर आभूषण लेकर यूपी फरार हो जाता।
जानकारी के मुताबिक, सुजई निवासी मंजू धामी अपने पति के साथ ननद से मिलने बंगलुरू गए। उनके घर में लकड़ी का काम चल रहा है इसके लिए उन्होंने कारपेंटर लगाए हैं। मंजू पड़ोस में रहने वाली अपनी दूसरी ननद ममता को काम की देखरेख करने और घर खोलने-बंद करने की जिम्मेदारी सौंप गई। बीते बृहस्पतिवार सुबह ममता ने घर के दरवाजे खोले और कारपेंटर आए तो वे काम पर जुट गए। जब दोपहर को ममता कारपेंटरों को चाय देने आई तो घर के भीतर कुछ सामान अस्त-व्यस्त होने पर उसे शक हुआ। उसने अपनी भाभी मंजू को फोन कर घर के हालात जाने तो पता चला कि अलमाली में आभूषण रखे हैं। जब ममता ने अलमारी देखी तो बड़ी चालाकी से उसके लॉक टूटे मिले और भीतर रखे सभी आभूषण गायब मिले। तत्परता दिखाते हुए ममता और उसके पति रमेश धामी जाजरदेवल थाने पहुंचे और घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच और पूछताछ शुरू हुई। शक होने पर जब एक कारपेंटर धमौरा, थाना मिलक, जिला रामपुर, यूपी निवासी 37 वर्षीय अहमद नबी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कुबूल लिया। सामने आया कि कारपेंटर अहमद ने ही बड़ी चालाकी से अलमारी तोड़कर उसमें रखे आभूषण साफ कर दिए। उसके पास आभूषण भी बरामद हुए जो पांच तोले से अधिक सोने और मोती के थे। इनकी कीमत 12 लाख रुपये से अधिक है। थानाध्यक्ष प्रकाश पांडे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।