पिथौरागढ़। चंडाक स्वीमिंग पूल के समीप से एक कार 25 मीटर नीचे पिथौरागढ़-चंडाक मार्ग पर गिर गई। हादसे में एक चिकित्सक की मौत हो गई, जबकि अन्य उनके साथ डॉक्टर सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शनिवार शाम करीब पांच बजे स्वास्थ्य केंद्र सिंगाली में तैनात लखती गांव, डीडीहाट निवासी डॉ. लक्ष्मण (27), अपने साथी धारचूला निवासी दिव्यांशु जोशी (26) और जिला मुख्यालय के सिटी अस्पताल में तैनात मैसूर (कर्नाटक) निवासी रवि कुमार (34) के साथ कार से घूमने चंडाक स्वीमिंग पूल गए थे। इसी दौरान कार (यूके 05ई 2697) अनियंत्रित होकर 25 मीटर नीचे चंडाक-पिथौरागढ़ मार्ग पर गिर गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और अन्य लोगों ने तीनों को कार से निकालकर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉ. लक्ष्मण ने दम तोड़ दिया। घायल डॉ. रवि कुमार और दिव्यांशु का इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने बताया कि डॉ. रवि के हाथ और पैर में फ्रैक्चर है। डॉक्टर लक्ष्मण की मौत से उनके गृहक्षेत्र में शोक की लहर है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बेटी, पत्नी के बाद डॉक्टर बेटे की मौत ने पूर्व सैनिक को तोड़कर रख दिया
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। चिकित्सक बेटे की मौत के बाद पूर्व सैनिक पिता पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। पांच साल पहले पहाड़ी से गिरकर पूर्व सैनिक की पत्नी की मौत हो चुकी है। पत्नी का साथ छूटने के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर हौसले से बेटे को डॉक्टर बनाया। अब डॉक्टर बेटा भी उनका साथ हमेशा के लिए छोड़ गया।
डीडीहाट के लखतीगांव निवासी पूर्व सैनिक प्रेम राम अपनी पत्नी पार्वती देवी, दो बेटी और एक बेटे के साथ हंसी-खुशी जीवन बिता रहे थे। छह साल पहले उनका दुखों से सामना शुरू हुआ जो अब तक जारी है। छह साल पहले अचानक बड़ी बेटी की 20 साल की उम्र में मौत हो गई। वह इस दुख से उबर भी नहीं सके थे कि इसके अगले ही साल घास काटने गई पत्नी पहाड़ी से गिरकर काल के गाल में समा गई।
बेटी और पत्नी की मौत का दुख सहते हुए वह प्रेम राम हौसले के साथ छोटी दिव्यांग बेटी की देखभाल के साथ ही बेटे लक्ष्मण को डॉक्टर बनाने में जुटे रहे। उम्मीद थी कि उनका बेटा डॉक्टर बनेगा और उसका घर बसने के बाद फिर से परिवार में खुशियां लौटेंगी लेकिन उनकी यह उम्मीद शनिवार को हुई घटना से चकनाचूर हो गई। बेटे लक्ष्मण का दाखिला वर्ष 2018 में दून मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के लिए हुआ था।
वर्ष 2024 में डॉक्टर बनने के बाद उन्हें सिंगाली स्वास्थ्य केंद्र में तैनाती मिली। बीते शनिवार को वह दोस्तों के साथ घूमने चंडाक पहुंचे जहां उन पर मौत झपट पड़ी। कार के गिरने से उनकी मौत हो गई। बेटे की मौत से पूर्व सैनिक पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत की सूचना के बाद से प्रेम राम बदहवास है जबकि दिव्यांग बहन इकलौते भाई का साथ हमेशा के लिए छूटने से गहरे सदमे में है।
दोनों साथियों की हालत खतरे से बाहर
डॉ. लक्ष्मण बीते शनिवार शाम पांच बजे धारचूला से आ रहे अपने साथी दिव्यांशु की कार में सवार होकर जिला मुख्यालय पहुंचा। यहां उनके साथी डॉ. रवि भी दोनों का इंतजार कर रहे थे। तीनों साथ मिले और देर रात घूमने के लिए चंडाक की तरफ निकल पड़े। लक्ष्मण को यह मालूम नहीं था कि स्वीमिंग पूल के पास मौत उनका इंतजार कर रही है। हादसे में उनके दोनों साथी सुरक्षित बच गए। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फोटो-09 पीटीएच 14 पी-चंडाक-पिथौरागढ़ सड़क पर गिरी कार। संवाद