पिथौरागढ़। जिले में आयोजित सेवा पखवाड़ा शिविर आम मरीजों के लिए राहत की जगह आफत साबित हो रहे हैं। जिला अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों को इन शिविरों में तैनात किए जाने से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। एक तरफ जहां दूरस्थ क्षेत्रों में बिना संसाधनों और उपकरणों के विशेषज्ञ डॉक्टर महज औपचारिक जांच कर पा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जिला अस्पताल में गंभीर रूप से पहुंचे मरीज इलाज के लिए दर्द से कराहते दर-दर भटकने को मजबूर हैं। सोमवार को भी अस्पताल परिसर में कुछ ऐसे ही बदहाल हालात रहे।
सोमवार को जिला अस्पताल में तैनात जनरल सर्जन, नेत्र सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और चेस्ट फिजिशियन की सेवा पखवाड़ा के तहत लगे शिविरों में ड्यूटी लगा दी गई। जिला अस्पताल में पहले से ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी चल रही हैं। ऐसे में विशेषज्ञों को शिविरों में भेजने से अस्पताल पहुंचे मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ा।
विशेषज्ञ न मिलने से मरीज जांच और इलाज के लिए निजी अस्पतालों का रुख करने के लिए मजबूर हुए। एकमात्र सर्जन के लिए मरीजों की जांच, इलाज और ऑपरेशन करना चुनौती बन गया।
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, 18 जुलाई तक जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाना है। ऐसे में रोजाना ही जिला अस्पताल से विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी शिविर में लगाई जाएगी। साफ है कि दूरस्थ क्षेत्रों से दर्द से कराहते हुए जिला अस्पताल पहुंचे मरीजों को इलाज मिलने का लंबा इंतजार करना होगा।
मुश्किल में मरीज
डीडीहाट सीएचसी में बाल रोग के अलावा अन्य किसी भी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं। ऐसे में रोजाना 900 से अधिक मरीज बेहतर इलाज की उम्मीद में जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। यहां के विशेषज्ञ शिविरों में बगैर संसाधन और उपकरणों के लिए लोगों को सिर्फ स्वास्थ्य परामर्श दे रहे हैं और जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को इलाज मिलना मुश्किल हो गया है।
-
आठ विशेषज्ञ भेज दिए थे शिविर में
बीते शनिवार को भी जिला अस्पताल से एक साथ आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविरों में लगा दी गई थी। ऐसे में दोनों जनरल और ईएनटी सर्जन, एकमात्र बाल रोग विशेषज्ञ, चेस्ट फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और नेत्र सर्जन के अस्पताल में न मिलने से मरीजों को इलाज नहीं मिल सका और वे निजी अस्पतालों के चक्कर काटने के लिए मजबूर हुए।
सेवा पखवाड़ा के तहत जिले के विभिन्न स्थानों में लगे शिविरों में चिकित्सकों की ड्यूटी लगी है। ऐसे में अस्पताल में व्यवस्थाओं पर कुछ असर पड़ा है। अन्य चिकित्सक अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। हर मरीज को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
-डॉ. डीपी सिंह, पीएमएस, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़