मुख्य विकास अधिकारी विनोद गिरी गोस्वामी ने गंगोलीहाट में विकासखंड के भवन के निर्माण में घटिया स्तर की रेत के इस्तेमाल पर नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिए हैं कि घटिया सामग्री का उपयोग न करें। सीडीओ ने कहा है कि ग्राम पंचायतों को सौंपी जाने वाली परिसंपत्तियों का रखरखाव गांव के लोग सही ढंग से नहीं कर रहे हैं। चिटगल गांव मे राजीव गांधी भवन के निरीक्षण के दौरान दरवाजे और खिड़कियां टूट चुकी हैं। उनको तत्काल बदलने के निर्देश दिए। सीडीओ ने मनरेगा, इंदिरा आवास, ग्राम्य विकास के कार्यों का निरीक्षण किया। हिमालयन ग्राम विकास समिति की गठित कामधेनु स्वायत्त सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय के काम की उन्होंने सराहना की। छह वर्षों में महिलाओं एक करोड़ से अधिक का दुग्ध व्यवसाय कर लिया है। कामधेनु स्वायत्त सहकारिता की अध्यक्षा रमा भट्ट ने बताया कि उन्नत नस्ल की गायों के माध्यम से दूध का बेहतर उत्पादन किया जा रहा है।
सीडीओ ने कोठेरा गांव में भी दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में हो रहे काम की सराहना की। महिलाओं से अपील की कि फल उत्पादन, मसाले की खेती की तरफ भी ध्यान दें। बीडीओ को निर्देश दिए कि गांव में नए कार्य शुरू करने संबंधी रिपोर्ट तैयार करें। हिमालयन ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रबंधक एलडी भट्ट, बीडीओ संतोष पंत ने विकासखंड में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी। सीडीओ ने कहा कि अन्य सभी क्षेत्रों में काम उल्लेखनीय हो रहे हैं।