बंगापानी के मवानी दवानी, आलम दारमा क्षेत्र के ग्रामीणों ने गोरी नदी में शीघ्र मोटर पुल बनाने की मांग की है। उन्होंने शीघ्र पुल का निर्माण नहीं करने पर 15 अगस्त से तहसील में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
क्षेत्र के लोग शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य भगत सिंह मेहरा ने बताया कि बंगापानी से मवानी, दारमा के लिए लोनिवि डीडीहाट द्वारा चार किमी सड़क निर्माण के बाद भी गोरी नदी में मोटर पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। उनका कहना था कि पुल स्वीकृत है।
इसके बावजूद उसे नहीं बनाया जा रहा है। उन्होंने शीघ्र टेंडर लगाकर पुल निर्माण करने की मांग उठाई। इसके अलावा उनका कहना था कि 12 जुलाई को हुई बारिश से मवानी दवानी में काफी क्षति हुई है। फसरकोट में भूस्खलन और मलबे से कृषि भूमि क्षतिग्रस्त हुई है। 15 परिवारों के घरों में मलबा आने से भू कटाव हो रहा है। उन्होंने शीघ्र क्रेट वायर का निर्माण करने की मांग की है।
उन्होंने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन फसरकोट, रूथी, गार्बी, घरूड़ी, दारमा, द्वारी, आलम, उमरगाड़ा, खिनवागांव की मरम्मत करने और पैदल मार्गों को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। प्रदर्शन करने वालों में संजय सिंह, सुरेश सिंह, रेखा धामी, खीला, भुवनेश्वरी, यश राणा, कमलेश सिंह, दीपक सिंह, मनमोहन सिंह, हरिओम सिंह, महेश कार्की, तारेंद्र महर, शशांक चंद, उमेश सिंह, हिमांशु सिंह, धर्मेंद्र सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।