पीएम नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का दूसरा बजट पेश हुआ है। 12 लाख रुपये आय तक टैक्स में छूट दी गई है इससे कर्मचारी बेहद खुश हैं। कर्मचारियों का कहना है कि निश्चित तौर पर टैक्स में छूट मिलने से उन्हें राहत मिलेगी। आयकर के स्लैब में वृद्धि होना हर कर्मचारी के हित में सही है। वहीं कर्मचारियों को इस बजट में पुरानी पेंशन बहाली और कोरोना काल में फ्रिज डीए पर कोई फैसला न लेने पर निराशा भी है। इस बजट में मोबाइल और टीवी भी सस्ते हुए हैं इससे आम जनता के साथ ही कारोबारियों के चेहरे पर खुशी है। कारोबारियों का कहना है कि टीवी, मोबाइल सस्ते होने से यह आम जनता की पहुंच में होंगे। वहीं इससे कारोबार भी बढ़ेगा। ये उपकरण महंगे होने से लोगों को इनकी खरीदारी में कई बार सोचना पड़ता था। सस्ते होने से लोग अब अपने पसंदीदा टीवी और मोबाइल खरीद सकेंगे।
बोले कर्मचारी
आयकर में छूट देने का हर कर्मचारी स्वागत करता है। निश्चित तौर पर इससे कर्मचारियों को खासी राहत मिलेगी। इस बजट में पुरानी पेंशन बहाली और कोरोना काल में फ्रिज कर्मचारियों के डीए को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है जो निराशाजनक है। - विजेंद्र लुंठी, जिलाध्यक्ष, मिनिस्टीरियल फेडरेशन, पिथौरागढ़।
आयकर में छूट देने का निर्णय सराहनीय है। आयकर में छूट की सीमा बढ़ाने से हर कर्मचारी को इसका फायदा होगा। आयकर के स्लैब में वृद्धि होना हर कर्मचारी के हित में सही है। - प्रवीण रावल, जिला महामंत्री, राजकीय शिक्षक संघ, पिथौरागढ़।
बोले कारोबारी
बजट आम जनता की भावनाओं के अनुरूप है इसका सभी स्वागत करते हैं। टीबी, मोबाइल सस्ते होने से ये आम जनता की पहुंच में होंगे। इससे कारोबार भी बढ़ेगा और इसका सीधा लाभ कारोबारियों को होगा।
निश्चित तौर पर टीवी, मोबाइल सस्ते होने से कारोबार बढ़ेगा। आम जनता को भी इसका लाभ मिलेगा। ये उपकरण सस्ते होने से खरीदारी अधिक होगी तो कारोबार भी गति पकड़ेगा। - दीपक पांडे, इलेक्ट्रानिक कारोबारी, पिथौरागढ़।
टीडीएस की सीमा दस लाख करने से राहत
चंपावत में बजट 2025 को लेकर मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए न्यू टैक्स रिजीम के तहत 12 लाख रुपये तक की आय पर कोई टैक्स नहीं देने का प्रावधान किया गया है। यह काफी राहत प्रदान करेगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए यह छूट 12.75 लाख रुपये, बुजुर्गों के लिए टैक्स छूट दोगुनी करने के साथ ही टीडीएस की सीमा 10 लाख रुपये कर दी गई है। - डॉ. दिनेश कुमार गुप्ता, अमोड़ी चंपावत
महिलाओं के लिए एससी-एसटी की एमएसएमई उद्यमियों के लिए विशेष लोन योजनाएं और पहली बार उद्यमी बनने वाली महिलाओं को दो करोड़ का टर्म लोन मिलेगा। किसानों के हित में किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट पांच लाख रुपये करने और पीएम धन-धान्य कृषि योजना की शुरुआत की गई है, इससे 100 जिलों में 1.7 करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा। - लीलावती भट्ट, गृहिणी चंपावत।
युवाओं के लिए स्टार्टअप का 10 हजार करोड़ रुपये का फंड, मेडिकल शिक्षा में 75,000 नई सीटों की बढ़ोतरी और 23 आईआईटी में 6500 सीटों की वृद्धि की घोषणा की गई है। एमएसएमई के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लोन गारंटी लिमिट को 10 करोड़ रुपये किया गया है। - सूरज भट्ट, युवा चंपावत
बुजुर्गों के लिए टैक्स छूट को 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है और 36 जीवन रक्षक दवाएं टैक्स फ्री होंगी। इसके अलावा, 200 डे-केयर केयर सेंटर और मेडिकल उपकरण, कैंसर की दवाओं की कीमतें कम करने की योजनाएं भी शामिल हैं। - दीवान सिंह मेहता भैरवा तिराहा, चंपावत
केंद्र का बजट हर किसी को राहत देने के लिए बनाया गया है। इनकम टैक्स में 12 लाख तक की छूट दी गई है। यह बड़ी राहत है। बजट मध्यम और गरीब तबके व्यक्ति को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। मध्यम वर्ग की जेब भरने वाला यह बजट आत्मनिर्भर भारत अभियान को तेजी देगा। - निर्मल माहरा, भाजपा, जिलाध्यक्ष, चंपावत।
केंद्र सरकार का बजट सिर्फ पूरी तरह निराशाजनक रहा है। महिलाओं, बेरोजगारों के लिए बजट में कुछ नहीं है। बजट में महत्वपूर्ण बागेश्वर-टनकपुर रेल लाइन को लेकर लोगों को बड़ी उम्मीद थी, लेकिन फिर से लोग ना उम्मीद हैं। जबकि रेल लाइन सर्वे को डीपीआर बनाई गई हैं। - पूरन कठायत, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस, चंपावत।
केंद्रीय बजट में कैंसर व अन्य गंभीर बीमारियों की 26 जीवन रक्षक दवाओं के दामों में कमी करने से मध्यम वर्ग के लोगों को राहत मिलेगी। मोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, एलईडी टीवी को सस्ता करने की पहल ठीक है। आज इन वस्तुओं की प्रत्येक लोगों को जरूरत है। इनके दाम सस्ते होने से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का इन्हें खरीदने का सपना पूरा होगा। - भावना जोशी, हथरंगिया, लोहाघाट
केंद्र सरकार का यह बजट दिल्ली एवं बिहार के चुनावों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कृषि उत्पादकता बढाने, महिला सशक्तीकरण, कपास उत्पादन, किसानों को लुभाने के लिए ऋणों में वृद्धि का प्रस्ता, बिहार में ग्रीन फील्ड का निर्माण, तीन नये एयरपोर्ट का निर्मााण, मखाना उद्योग बिहार चुनाव को देखते हुए घोषणा की गई है। - गणेश पुनेठा, प्रवक्ता अर्थशास्त्र, जीजीआईसी लोहाघाट
केंद्रीय बजट गरीबों, बेरोजगारों, व्यापारियों, किसानों के लिए सामान्य है। केंद्रीय बजट में बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी को कम करने के लिए कोई बात नहीं की गई है। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को कर मुक्त किया जाता तो आम जनता को इसका लाभ होता। - भावना ओली, गृहिणी, खड़ी बाजार लोहाघाट
बजट में टैक्स में 12 रुपये तक छूट से मध्यम वर्ग व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी। इससे इस वर्ग के लोग लिए बेहतर खर्च कर सकेंगे। यह निर्णय मध्यम वर्ग के व्यापारियों के हित में है और इसका लाभ मिलेगा। वर्तमान समय में यह बहुत अच्छा निर्णय है। - वैभव अग्रवाल, अध्यक्ष व्यापार मंडल, टनकपुर
बजट में नौकरी पेशा वर्ग के लिए 12 लाख रुपये तक टैक्स में छूट लाभप्रद है। इससे करीब 40 प्रतिशत नौकरी पेशा लोगों को लाभ मिलेगा। नौकरी पेशा लोग अब महंगाई के दौर में बेहतर जीवन जी सकेंगे।