झूलाघाट में मोबाइल टावर ठप होने के विरोध में प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
मजिरकांडा में लगा बीएसएनएल का टावर तीन दिनों से काम नहीं कर रहा है। इससे यहां के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुस्साए व्यापारियों ने झूलाघाट में बीएसएनएल के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने टावर में आई दिक्कत को दूर नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बीएसएनएल की संचार सेवा ठीक करने की मांग को लेकर व्यापारियों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। व्यापार संघ अध्यक्ष संजीव जोशी ने बताया कि मजिरकांडा में लगा बीएसएनएल टावर तीन दिन से काम नहीं कर रहा है। इस टावर पर मजिरकांडा, भटेड़ी, जमीरपानी, खरक्यूड़ा, बनाड़ा, बलतड़ी, तड़ीगांव, भंडाखोली, दौली आदि गांवों के सैकड़ों उपभोक्ता निर्भर हैं, लेकिन तीन दिनों से टावर में खराबी आने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साइबर कैफे ठप पड़ गए हैं। बैंकों में भी कामकाज प्रभावित हो रहा है।
इसके अलावा ग्रामीणों को गैस बुकिंग करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि दो साल से यहां डब्ल्यूएलएल फोन भी बेकार पड़े हुए हैं। प्रदर्शन करने वालों में बीडीसी सदस्य पवन चंद, ईश्वर जोशी, लोकेंद्र कुंवर, दीपक इजरवाल, राजू धामी, रमेश कलखुड़िया, शंकर भंडारी, गणेश चंद शामिल थे। दूरसंचार विभाग के उप मंडलीय अधिकारी अरविंद कुमार का कहना है कि मजिरकांडा में लगे टावर का कार्ड फुंकने से यह नौबत आई है। कार्ड बदलने के लिए तकनीकी टीम को भेज दिया गया है। शीघ्र ही टावर काम करना शुरू कर देगा।