मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी में बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा बंद होने से लोग परेशान हैं। इससे नाराज लोगों ने बीएसएनएल का पुतला फूंका।
जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने कहा कि सीमांत क्षेत्र की नेट सेवा 15 दिन से बंद पड़ी है। कोरोना काल में लोग महंगा टिकट खर्च कर बाजार, बैंक और ऑफिस जा रहे है लेकिन, इंटरनेट न होने से बैरंग लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट सेवा ठीक करने की मांग को लेकर कई बार विभाग को सूचना दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट सेवा शुरू नहीं हुई तो मुनस्यारी से लेकर पिथौरागढ़ तक के कार्यालयों पर तालाबंदी की जाएगी। चीन सीमा से लगे क्षेत्र के लोगों को नेट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए घोर लापरवाही की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुतला फूंकने वालों में पापड़ी के प्रधान चरन सिंह पापडा, बीएस जंगपांगी, मोहन दोसाद, चंदर राम, नाथो राम, लवराज रावत, मनोज, लक्ष्मण आदि मौजूद थे।