धारचूला के दारमा घाटी में सड़क कटिंग में लगी बीआरओ की जेसीबी। स्रोत: ग्रामीण
धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा से सटे दारमा घाटी के ग्राम तिंदाग-गो-बिदांग 10 किलोमीटर सड़क कटिंग का कार्य बीआरओ ग्रिफ के कार्मिक विषम परिस्थितियों में कर रहे हैं। 77 करोड़ से बन रही सड़क का कार्य नवंबर से तेजी से चल रहा है।
11 हजार फुट की ऊंचाई पर माइनस 10 से 25 डिग्री सेल्सियस तापमान में बीआरओ के 67 आरसीसी के अधिकारी, सौ से अधिक स्थानीय मजदूर, कर्मचारी विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए वर्तमान तक 6.5 किलोमीटर सड़क कटिंग का कार्य पूरा चुके हैं। शेष 3.5 किलोमीटर की सड़क कटिंग का कार्य भी अगले कुछ महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।
बता दें कि वर्तमान में शीतकाल के चलते दारमा घाटी के 14 गांवों के ग्रामीण छह माह के लिए निचली घाटी को लौट आए हैं। इस समय वहां सीमा की सुरक्षा में मुस्तैद कर्मी और ग्रिफ के कर्मचारी ही हैं। ओसी सौरभ कुमार के निर्देशन पर ओआईसी रघु राम और जेई राठौड़ मौके पर सड़क कटिंग का कार्य करवा रहे हैं। दीलिंग दारमा सेवा समिति अध्यक्ष करन सिंह ग्वाल ने विषम परिस्थितियों में कार्य कर रहे अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय मजदूरों की सराहना की है। उन्होंने बताया कि सड़क कटिंग का कार्य पूरा होने पर स्थानीय लोगों के साथ ही सुरक्षा कर्मियों और ग्रामीणों को आवाजाही में राहत मिलेगी।
बाक्स
दारमा घाटी से भी आसान होगी आदि कैलाश यात्रा
तिदांग-गो-बिदांग सड़क बनने से भविष्य में दारमा घाटी से भी आदि कैलाश की यात्रा आसान हो जाएगी। अभी कुछ लोग सिंगलापास के दुर्गम ट्रेकिंग से आदि कैलाश पहुंचते हैं। भविष्य में गो गांव से सिंगलापास तक सड़क जुड़ने राह आसान हो जाएगी।