पिथौरागढ़। ऑलवेदर सड़क पर घाट बैंड के पास पहाड़ी से लगातार गिर रहे बोल्डरों के बीच सुरक्षित आवाजाही यात्रियों और वाहन चालकों के लिए चुनौती बन गई है। रविवार देर रात बोल्डरों से बचने के प्रयास में यात्रियों से भरी जीप पैरापिट पर चढ़ गई और खाई की ओर लटक गई। संयोग से जीप पैरापिट के नीचे लगे बिजली के खंभे पर अटककर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जीप में सवार आठ यात्रियों की सांसें घंटों अटकी रहीं। बाद में जेसीबी की मदद से जीप और यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।
मैदानी क्षेत्र से यात्रियों को लेकर जिला मुख्यालय आ रही जीप यूके 03 टी-1725 घाट बैंड के पास पहाड़ी से गिर रहे बोल्डरों की चपेट में आने से बचने के प्रयास में पैरापिट पर चढ़ गई। जीप का अगला हिस्सा खाई की ओर लटकने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। संयोग से जीप पैरापिट के पास लगे बिजली के खंभे पर अटक गई और खाई में गिरने से बच गई।
पीछे से आ रहे दूसरे वाहन में सवार यात्रियों ने घटना की सूचना घाट चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से जीप को सुरक्षित सड़क पर उतारा गया। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीम को मौके पर भेज दिया गया था।
धमौड़ में सड़क पर गिरा विशालकाय पेड़, आवाजाही ठप
पिथौरागढ़। सोमवार सुबह धारी-धमौड़ के पास स्यूनी सड़क पर विशालकाय पेड़ गिरने से आवाजाही ठप हो गई। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने पेड़ को काटकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। संयोग से पेड़ गिरने के समय कोई वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फायर यूनिट प्रभारी नारायण सिंह मेहरा ने बताया कि यदि पेड़ की चपेट में कोई वाहन आता तो बड़ा हादसा हो सकता था।