पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ निवासी बॉबी सिंह धामी ने जूनियर वर्ल्ड कप 2021 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बुधवार को उड़ीसा में बेल्जियम के साथ खेले गए क्वार्टर फाइनल में टीम फारवर्ड खिलाड़ी के तौर पर खेलते हुए शानदार मूव बनाकर गोल करने में मदद की। इसकी बदौलत भारतीय टीम एक गोल से मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गई। शुक्रवार को टीम का सेमीफाइनल मुकाबला जर्मनी से होगा। पहली बार टीम की ओर से खेलने का मौका मिलने पर बॉबी ने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया। जिला पिथौरागढ़ हॉकी अध्यक्ष उमेश महर, सचिव भूपाल चुफाल, हेमंत खोलिया और अन्य खेल प्रेमियों ने सेमीफाइनल के लिए बॉबी के शुभकामनाएं दी हैं।