भारतीय जनता पार्टी ने आपदा घोटालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। इस मुद्दे को लेकर भाजपा की पदयात्रा आज ही डीडीहाट से यहां पहुंची।
कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार से तहसील कार्यालय तक जुलूस निकाला। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा घोटालों की जांच से कतरा रही है। मुख्यमंत्री कार्रवाई के बजाए घोटालेबाजों के पक्ष में खड़े हो रहे हैं।
विधायक विशन सिंह चुफाल ने कहा कि आपदा मद में तमाम घोटाले हुए हैं। आरटीआई से यह बात सामने आई है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार किसी प्रकार की कार्रवाई से मुंह मोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित लोगों को आर्थिक मदद देने से वंचित किया गया और कई अन्य लोगों को फर्जी तौर पर मदद पहुंचा दी गई। कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकर्ताओं को खुश करने के लिए आपदा मद का उपयोग किया।
भाजपा ब्लाक अध्यक्ष ओम प्रकाश कापड़ी ने कहा कि यदि सरकार जांच नहीं कराती तो भाजपा अदालत में इस मामले को ले जाएगी और आपदा मद में हुए घोटालों का पर्दाफाश जरूर किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष खुशाल सिंह भंडारी ने कहा कि सरकार अब इस मामले में नहीं बच पाएगी। बाद में प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया और आपदा मद में हुए घोटालों की जांच के लिए सरकार को निर्देश देने की मांग की गई। भाजपा आपदा घोटालों की जांच की मांग को लेकर इन दिनों पदयात्रा निकाल रही है।
प्रदर्शन में जिला प्रवक्ता जगत मर्तोलिया, अशोक नबियाल, रुकम सिंह बिष्ट, राजू नेगी, कैलाश धामी, धन सिंह धामी, देवकृष्ण फकलियाल, हरीश गुंज्याल, भीम सिंह रावत, लीला बनग्याल, लीला कुंवर समेत तमाम कार्यकर्ता थे।