गोरीपार क्षेत्र की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को तहसील कार्यालय में प्रदर्शन करने वाले चार भाजपा नेताओं समेत 50 अन्य ग्रामीणों के खिलाफ तहसीलदार ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
तहसीलदार खुशाल राम की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि आंदोलनकारियों ने तहसील कार्यालय में हंगामा किया। इस कारण कई घंटों तक सरकारी काम में बाधा पहुंची और आम जनता को परेशानी हुई। पुलिस ने धारा 353 में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और इसे तानाशाही करार दिया है। तहसीलदार ने भाजपा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी जगत मर्तोलिया, मंडल अध्यक्ष कवींद्र देवली, प्रयाग सिंह पालीवाल और रतन नेगी के साथ 50 अन्य लोगों को आरोपी बनाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि गोरीपार क्षेत्र की समस्या के नाम पर तहसील कार्यालय में हंगामा काटा गया। थाना प्रभारी हरेंद्र नेगी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।