उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से संचालित माउंटेन बाइकिंग रैली (साइकिल रेस) रविवार सुबह आठ बजे पूरे जोश और उल्लास के साथ बागेश्वर के लिए रवाना हो गई। अंतिम साइकिल सवार ने अपरान्ह 1.45 बजे कोटमन्या के पास जिले की सीमा को पार कर बागेश्वर में प्रवेश किया। रविवार सुबह 8.30 बजे अभियान दल के सदस्यों को यहां से रवाना करते समय बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, साहसिक खेलों से जुड़े लोग एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने साइकिल रेस को रवाना करते समय कहा कि यह जिले के लिए सौभाग्य का विषय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में पिथौरागढ़ जिले को भी शामिल किया गया। सुबह आठ बजे सभी प्रतिभागी देवसिंह मैदान में एकत्र हुए और 8.30 बजे उनको रही झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पिथौरागढ़ से बागेश्वर की दूरी 120 किलोमीटर है। इसके लिए सातशिलिंग, बीसाबजेड़, बुंगाछीना, मुवानी, थल, किरौली, चौकोड़ी, कोटमन्या होते हुए रूट तय किया गया।
जिला मुख्यालय में रैली के लिए बनाए गए नियंत्रण कक्ष के अनुसार प्रथम प्रतिभागी ने दोपहर 12.30 बजे जिले की सीमा को पार किया, जबकि अंतिम प्रतिभागी अपरान्ह 1.45 बजे जिले की सीमा से पार हुआ।
यहां से रेस को रवाना करते समय सीडीओ आशीष चौहान, एडीएम मोहम्मद नासिर, पर्यटन विकास परिषद के निदेशक आरके जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष पवन जोशी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट, सचिव राकेश देवलाल, सीओ शेखर चंद्र सुयाल आदि लोग थे।
वाहनों की आवाजाही रोक दी
माउंटेन बाइकिंग रैली को देखते हुए रविवार सुबह से पुलिस ने थल से मुवानी, बुंगाछीना होकर पिथौरागढ़ आने वाले वाहनों का संचालन रोक दिया। पिथौरागढ़ से भी इस रूट पर वाहनों का संचालन बंद कर दिया। यही व्यवस्था थल से लेकर कोटमन्या तक के रूट पर भी की गई थी। कई वाहन चालकों को पुलिस ने रास्ते से लौटा दिया। इस कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अपरान्ह 1.45 बजे जब रैली जिले की सीमा से पार हुई तभी जाकर यातायात सामान्य हो पाया।
हर कस्बे में स्वागत को उमड़े लोग
रैली में शामिल लोगों के स्वागत के लिए हर कस्बे, गांव में लोग खड़े रहे। प्रतिभागियों ने लोगों का चलती साइकिल से ही हाथ हिलाकर अभिवादन किया और आगे बढ़ते रहे। प्रतियोगिता की खासियत यह है कि जो प्रतिभागी सबसे कम समय में एक नगर से दूसरे नगर की दूरी तय करेगा, उसी को चैंपियनशिप मिलेगी। हर स्थान पर समय नोट किया जा रहा है।