पूर्णागिरि/टनकपुर (चंपावत)। शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि धाम मंदिर समिति के चुनाव मंगलवार को खासी गहमा-गहमी के बीच संपन्न हुए। अध्यक्ष पद पर भुवन चंद्र पांडेय ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी किशन तिवारी को 13 मतों से हराकर जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर नंदा बल्लभ तिवारी, सचिव पद पर सुरेश चंद्र तिवारी और कोषाध्यक्ष पद पर गिरीश तिवारी निर्वाचित हुए। देर शाम परिणाम घोषित होते ही विजेताओं के समर्थकों में उत्साह छा गया। देर रात तक विजेताओं के स्वागत का सिलसिला चलता रहा।
मंगलवार सुबह आठ बजे पूर्व प्राथमिक विद्यालय जमरानी सेलागाड़ में मतदान शुरू हुआ। निर्वाचन अधिकारी पूरन चंद्र तिवारी की देखरेख में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई। कुल 422 मतदाताओं में से 381 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद शाम को मतगणना शुरू हुई और परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के लिए भुवन चंद्र पांडेय को 168, किशन तिवारी को 155, नीरज पांडेय को 49 और प्रकाश पांडेय को पांच मत मिले। भुवन पांडेय ने 13 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर नंदा बल्लभ तिवारी को 214 और संदीप पांडेय को 159 मत मिले। सचिव पद पर सुरेश चंद्र तिवारी को 202 और गिरीश चंद्र पांडेय को 177 मत प्राप्त हुए। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर गिरीश तिवारी ने 211 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि कैलाश चंद्र पांडेय को 165 मत मिले। मतदान स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए ठूलीगाड़ चौकी प्रभारी हरीश पुरी के नेतृत्व में पुलिस टीम तैनात रही।