धारचूला (पिथौरागढ़)। रं कल्याण संस्था, रं यूथ फोरम और रं महिला फोरम की ओर से 21 किलोमीटर रं हाफ मैराथन (रं ज्यंगमोथन) की गई। पुरुषों के सीनियर ओपन वर्ग में पिथौरागढ़ के भावेश भट्ट और महिला वर्ग में काशीपुर की मीनू शर्मा ने बाजी मारी। पुरुष रं वर्ग में सुनील बुढ़ाथोकी और महिला वर्ग में कलावती रोंकली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
एसडीएम दिवेश शासनी, देहरादून शाखाध्यक्ष अमृता ह्यांकी, स्थानीय शाखाध्यक्ष दीपक रोंकली, पूर्व चेयरमैन अशोक नबियाल ने बृहस्पतिवार को हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। ज्यंगमोथन के कोऑर्डिनेटर एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही योगेश गर्ब्याल ने बताया कि नमामि गंगे, जल जीवन मिशन और उत्तराखंड पॉपुलेशन कंट्रोल बोर्ड की ओर से हाफ मैराथन, वॉलीबाल, दो दिनी स्वच्छता अभियान, महिला क्रिकेट प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया है।
संचालन करते हुए कृष्णा गर्ब्याल और हरीश कुटियाल ने बताया कि धारचूला से छारछुम तक 21 किमी हाफ मैराथन और धारचूला से गलाती तक छह किमी दौड़ में काशीपुर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पांखू सहित कई अन्य जगह के युवाओं ने हिस्सा लिया। समापन पर व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, हरीश कुटियाल, महीराज गर्ब्याल, डीके फकलियाल, निहारिका गर्ब्याल, भागेश्वरी गर्ब्याल, देवकी गर्ब्याल, बिंदु रोंकली, उर्मिला गुंज्याल, आभा फकलियाल, मोनती गर्ब्याल आदि मौजूद थे।
हाफ मैराथन में एसडीएम ने भी लगाई दौड़
धारचूला (पिथौरागढ़)। 21 किमी हाफ मैराथन में एसडीएम दिवेश शासनी ने भी दौड़ लगाई। मैराथन का मुख्य आकर्षण अल्मोड़ा से आए एक हाथ के दिव्यांग सूरज बोरा, अल्मोड़ा के ही 63 वर्षीय रजनीश जैन और पांखू निवासी तीन बहनें निशा जोशी, खुशबू, खुशी जोशी रहीं। इसमें निशा जोशी ने पहला, खुशबू ने तीसरा और खुशी ने चौथा स्थान पाया।
21 किमी मैराथन में दिव्यांग सूरज बोरा ने चौथा स्थान पाया। लोगों ने दिव्यांग सूरज बोरा के उत्साहवर्धन के लिए नकद इनाम दिए। पांखू के 10 युवाओं ने मैराथन में अपना दम दिखाकर पुरस्कार जीते। केंद्रीय अध्यक्ष करन सिंह गर्ब्याल ने बताया कि रं हाफ मैराथन का मुख्य उद्देश्य स्वस्थ शरीर, स्वस्थ दिमाग और खेलो इंडिया योजना को सीमांत क्षेत्र में पहुंचाना है। संवाद
विजेता को दिया 15 हजार का नकद पुरस्कार
धारचूला (पिथौरागढ़)। रं कल्याण संस्था के अध्यक्ष दीपक रोंकली ने 21 किमी मैराथन के पुरुष और महिला ओपन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त को 15 हजार रुपये, रं वर्ग के प्रथम विजेता को सात हजार रुपये और जूनियर वर्ग ओपन में छह किलोमीटर के विजेता को पांच हजार रुपये, प्रमाण पत्र बांटे गए। मैराथन में सर्वश्रेष्ठ पांच में स्थान पाने वालों को भी पुरस्कार दिया गया। संवाद
ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में खेल भावना बढ़ेगी : विधायक धामी
धारचूला (पिथौरागढ़)। विधायक हरीश धामी ने कहा कि रं कल्याण संस्था कई सालों से इस प्रकार के खेलकूद और मैराथन करा रही है। ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में खेल भावना बढ़ेगी। एसडीएम दिवेश शासनी ने संस्था के कार्यों की सराहना की। रं कल्याण संस्था के अध्यक्ष दीपक रोंकली, अमृता ह्यांकी ने एक सप्ताह से चल रहे कार्यक्रम में सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। संवाद
धारचूला हाफ मैराथन में हिस्सा लेने वाले पांखू की तीन बहनें। संवाद- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला में आयोजित रं हाफ मैराथन में विजेताओं के साथ विधायक हरीश और अन्य लोग। संवाद- फोटो : PITHORAGARH