गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। ब्लॉक के भराड़ी समेत चार गांवों की करीब चार हजार की आबादी वर्षों से सड़क सुविधा का इंतजार कर रही है। ग्रामीणों ने कई बार मांग उठाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्र के भराड़ी, कंडाराछीना, दुगईआगर, शेरागड़ा के ग्रामीण 1965 से सड़क बनाने की मांग करते आ रहे हैं। सड़क नहीं होने से इन गांवों के करीब चार हजार लोग परेशान हैं। सड़क के इंतजार में कई परिवार तो गांव छोड़कर जा चुके हैं।
पंचायत प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न मंचों से सड़क के लिए कई बार आवाज बुलंद की लेकिन किसी ने भी उनकी नहीं सुनीं। लोगों ने कंडारीछीना से खेती तक दो किमी सड़क बनाने की भी मांग की जो भी पूरी नहीं हुई। गांव के गौरी दत्त जोशी, जगदीश भंडारी, रंजीत भंडारी, कुंदन सिंह भंडारी, हेमंत सालाकोटी, बसंत कुमार आदि ने सड़क नहीं बनाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।